मंत्रिमंडल के विस्तार के बाद नव नियुक्त पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने रविवार को यानी आज एक बैठक में मंत्रालय के तहत चल रही परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की। सर्बानंद ने कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी दी गई है उसे पूरा करने के लिए वह हरसंभव प्रयास करेंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि वह अपने पूर्ववर्ती मंत्रियों द्वारा किए गए सभी अच्छे कार्यों को आगे बढ़ाएंगे और यह सुनिश्चित करने के लिए अपनी नयी टीम के साथ गंभीर प्रयास करेंगे कि सभी निर्धारित लक्ष्य बिना किसी देरी के हासिल किए जाएं। पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय के सचिव संजीव रंजन और अतिरिक्त सचिव विक्रम सिंह ने परिवहन भवन में स्थित मंत्रालय के कार्यालय पहुंचने पर सोनोवाल की अगवानी की।
सोनोवाल पूर्व में दो बार लोकसभा के लिए चुने गए और असम के मुख्यमंत्री बनने से पहले उन्होंने 2014 से 2016 तक मोदी सरकार में केंद्रीय खेल और कौशल विकास मंत्री के रूप में काम किया था। सोनोवाल ने पोत परिवहन मंत्री के तौर पर मनसुख मंडाविया की जगह ली है जिन्होंने देश के नए स्वास्थ्य मंत्री के रूप में कार्यभार संभाला है।


Download Android App
Download iOS App



