देश में अपराध पर लगाम लगाने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का इस्तेमाल होगा। नई दिल्ली में मंगलवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों के ‘चिंतन शिविर’ की अध्यक्षता की। इस बैठक में गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय, अजय कुमार मिश्रा और निशिथ प्रामाणिक भी उपस्थित रहे। पीएम के विजन के अनुरूप आंतरिक सुरक्षा का प्रारूप तैयार करने के लिए यह चिंतन बैठक आयोजित की गई।
आंतरिक सुरक्षा का एक्शन प्लान तैयार
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘विजन 2047’ के अनुरूप आंतरिक सुरक्षा का एक्शन प्लान तैयार करने के लिए बुलाई गई गृह मंत्रालय की चिंतन बैठक में गृहमंत्री अमित शाह ने महिलाओं, बच्चों और कमजोर तबके के लोगों को सुरक्षित वातावरण मुहैया कराने पर जोर दिया। सभी के लिए सुरक्षित वातावरण मुहैया कराने के लिए क्राइम एंड क्रिमिनल ट्रैकिंग नेटवर्क एंड सिस्टम (सीसीटीएनएस) पर उपलब्ध अपराध के डाटा का आर्टिफिशिएल इंटेलिजेंस का इस्तेमाल कर गहन विश्लेषण की जरूरत बताई।
आईटी के इस्तेमाल पर भी बल
साथ ही शाह ने आंतरिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बड़े पैमाने पर आईटी के इस्तेमाल पर भी बल दिया। अमित शाह ने कहा कि अपराध के बदलते तौर तरीके से निपटने के लिए सुरक्षा एजेंसियों को तैयार करना होगा। इसके साइबर अपराध प्रबंधन और पुलिसबलों के आधुनिकीकरण पर आने वाले समय में जोर देना होगा। बैठक में गृह मंत्री को मंत्रालय के लंबित कार्यों, चल रहे कार्यों के साथ-साथ नियोजित किए जा रहे कार्यों से अवगत कराया गया।
चिंतन शिविर में गृह मंत्रालय से संबंधित सभी क्षेत्रों के मुद्दों पर चर्चा
अगले 25 वर्षों के लिए एक रोडमैप के रूप में चिंतन शिविर में गृह मंत्रालय से संबंधित सभी क्षेत्रों के मुद्दों पर चर्चा हुई। गृह मंत्री ने कहा कि विभिन्न अवसरों पर अपने विजन 2047 संदेश में प्रधानमंत्री ने सभी क्षेत्रों में मुद्दों से निपटने के लिए सरकारी नीतियों और नौकरशाही प्रक्रियाओं के साथ आने की आवश्यकता पर बल दिया है।
एएनटीएफ के राष्ट्रीय सम्मेलन का उद्घाटन
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह बुधवार को एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) के राष्ट्रीय सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे। इस सम्मेलन में संबंधित विभाग के राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों के प्रमुख हिस्सा लेंगे।


Download Android App
Download iOS App



