देशव्यापी टीकाकरण अभियान का एक वर्ष पूरा हुआ, पीएम मोदी समेत इन दिग्गज नेताओं ने ट्वीट कर दी बधाई

Summary :

देश में कोरोना वायरस के खिलाफ शुरू हुए टीकाकरण अभियान को आज एक साल पूरा हो गया है। इस एक साल के दौरान टीके की करीब 156.76 करोड़ खुराकें दी गई हैं

देश में कोरोना वायरस के खिलाफ शुरू हुए टीकाकरण अभियान को आज एक साल पूरा हो गया है। इस एक साल के दौरान टीके की करीब 156.76 करोड़ खुराकें दी गई हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के अधिकारियों के मुताबिक, करीब 92 प्रतिशत वयस्क आबादी को कम से कम एक खुराक मिल गई है जबकि करीब 68 प्रतिशत का टीकाकरण पूर्ण हो चुका है।
 इस मौके पर पीएम मोदी, गृह मंत्री अमित शाह,केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी समेत कई दिग्गज नेताओं ने ट्वीट कर बधाई दी। पीएम मोदी ने इस खास मौके पर कहा कि, आज टीकाकरण के अभियान को एक साल पूरा हो गया। मैं प्रत्येक भारतीय को इस खास दिन पर सलाम करता हूं।
पीएम मोदी का ट्वीट

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने ट्विटर हैंडल से ट्वीट करते हुए लिखा कि, आज वैक्सीनेशन अभियान को एक साल पूरे हो गए। इस खास मौके पर इस टीकाकरण अभियान से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति को मैं सलाम करता हूं। हमारे वैक्सीनेशन कार्यक्रम ने कोरोना से लड़ने के लिए हमें मजबूती प्रदान की। इसके साथ इस कार्यक्रम के चलते लोगों की जिंदगियां बचाने में भी हम सफल हुए हैं।
सभी कोरोना योद्धाओं और देशवासियों को बधाई-शाह

गृह मंत्री अमित शाह ने भी टीकाकरण कार्यक्रम के एक साल पूरे होने पर देशवासियों और कोरोना योद्धाओं को बधाई दी। अमित शाह ने ट्वीट करते हुए लिखा कि, प्रधानमंत्री के मजबूत व प्रेरक नेतृत्व में कोरोना के विरुद्ध लड़ाई में विश्व के सबसे बड़े मुफ्त टीकाकरण अभियान के सफलतम 1 वर्ष पूर्ण होने पर देश के प्रतिभावान वैज्ञानिकों, स्वास्थ्य कर्मियों, सभी कोरोना योद्धाओं और देशवासियों को बधाई देता हूं।
‘कोरोना के खिलाफ इस लड़ाई में अपना योगदान दें’

केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी  ने भी इस खास उपलब्धि पर देशवासियों को बधाई दी गडकरी ने ट्वीट करते हुए लिखा कि, कोरोना के खिलाफ भारत में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में चलाये जा रहे विश्व के सबसे बड़े टीकाकरण अभियान को सफलतापूर्वक एक वर्ष पूर्ण हुआ है। इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए सभी देशवासियों को बधाई। कोरोना के खिलाफ इस लड़ाई में आप भी अपना योगदान दें और अपनी बारी आने पर टीका अवश्य लगवाएं।
केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने पेश किया डेटा

केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी  ने वैक्सीनेशन अभियान के एक साल पूरा होने पर डेटा के साथ देशवासियों को बधाई दी। ईरानी ने ट्वीट करते हुए लिखा कि, एक वैक्सीनेशन अभियान को एक साल पूरा होना देश की क्षमता और ताकत को दर्शाता है। ये सब जनभागीदारी से मुमकिन हुआ है। हमारे स्वास्थ्य कर्मियों और हर भारतीय को बधाई जिन्होंने इसे सफल बनाने के लिए अपना योगदान दिया। उन्होंने डेटा शेयर करते हुए लिखा कि, अब तक 156 करोड़ डोज दी जा चुकी हैं। 92 करोड़ लोगों को पहली डोज और 70 करोड़ लोगों को दोनों डोज लग चुकी हैं।

Desk Team