विपक्षी दल किसानों के मुद्दों पर संसद के दोनों सदनों में स्थगन नोटिस देंगे: आरएसपी

Summary :

रिवॉल्यूशनरी सोशलिस्ट पार्टी (आरएसपी) के नेता एन के प्रेमचंद्रन ने कहा कि कई विपक्षी दल किसानों के मुद्दों पर सोमवार को संसद के दोनों सदनों में स्थगन नोटिस देंगे।

सोमवार से संसद का मॉनसून सत्र शुरू हो रहा है। ऐसे में विपक्षी दलों ने केंद्र की मोदी सरकार को कई मुद्दों पर घेरने के लिए अपनी कवायद शुरू कर दी है। इसी कड़ी में रिवॉल्यूशनरी सोशलिस्ट पार्टी (आरएसपी) के नेता एन के प्रेमचंद्रन ने कहा कि कई विपक्षी दल किसानों के मुद्दों पर सोमवार को संसद के दोनों सदनों में स्थगन नोटिस देंगे।
संसद के मॉनसून सत्र से एक दिन पहले रविवार को सरकार द्वारा बुलाई गयी सर्वदलीय बैठक के बाद विपक्षी दलों ने अलग बैठक की। विपक्ष की बैठक में कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी), राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा), मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा), भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा), इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग(आईयूएमएल), आरएसपी, शिवसेना और आम आदमी पार्टी (आप) के नेताओं ने भाग लिया।
प्रेमचंद्रन ने कहा कि पेट्रोल- डीजल की बढ़ती कीमतें, तीन कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों का विरोध अभी सबसे महत्वपूर्ण मुद्दे हैं और इन्हें विपक्ष सत्र के दौरान उठाएगा। उन्होंने कहा कि कई विपक्षी दल संसद के दोनों सदनों में किसानों के मुद्दे पर स्थगन नोटिस देंगे।
सूत्रों ने कहा कि कई विपक्षी दल भी अपने नेताओं के कथित फोन टैपिंग को लेकर स्थगन नोटिस देने की योजना बना रहे हैं। इससे पहले, तृणमूल कांग्रेस के नेता डेरेक ओ ब्रायन ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राज्यसभा सदस्य सुब्रमण्यम स्वामी के एक ट्वीट के जवाब में आरोप लगाया कि कई विपक्षी नेताओं के फोन टैप किए गए।
स्वामी ने ट्वीट किया, ‘‘अफवाह है कि आज शाम को वाशिंगटन पोस्ट और लंदन गार्जियन एक रिपोर्ट प्रकाशित करने वाले हैं, जिसमें दावा किया गया है कि (नरेंद्र) मोदी नीत सरकार के कैबिनेट मंत्रियों, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के नेताओं, उच्चतम न्यायालय के न्यायाधीशों और पत्रकारों के फोन टैप किए गए। इसके लिए इजराइल की कंपनी पेगासस की सेवा ली गयी। अगर इसकी पुष्टि होती है तो मैं यह सूची प्रकाशित करूंगा।’’

Desk Team