प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की स्टार्टअप इकाइयों को नए भारत का ‘आधार-स्तंभ’ बताते हुए शनिवार को कहा कि सरकार ने 16 जनवरी को राष्ट्रीय स्टार्टअप दिवस के रूप में मनाने का फैसला किया है।
प्रधानमंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों के स्टार्टअप कारोबारियों को वर्चुअल तरीके से संबोधित करते हुए कहा, ‘‘स्टार्टअप की यह संस्कृति देश के दूर-दराज क्षेत्रों तक पहुंचे, इसके लिए 16 जनवरी को अब राष्ट्रीय स्टार्टअप दिवस के रूप में मनाने का फैसला किया गया है।’’मोदी ने कहा, ‘‘मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि आपके सभी सुझावों, विचारों और नवाचारों को सरकार से पूरा समर्थन मिलेगा।’’
आज देश में 60,000 से अधिक स्टार्टअप इकाइयां हैं
उन्होंने कहा कि स्टार्टअप नए भारत का आधार-स्तंभ बनेंगे और देश ‘भारत के लिए नवोन्मेष’ और ‘भारत से नवोन्मेष’ के मंत्र के साथ आगे बढ़ेगा।प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘वर्ष 2013-14 में जहां चार हजार पेटेंट को स्वीकृति मिली थी, वहीं पिछले वर्ष इनकी संख्या 28 हजार से ज्यादा हो गई।’’ उन्होंने कहा कि आज देश में 60,000 से अधिक स्टार्टअप इकाइयां हैं। इनमें से 42 यूनिकॉर्न (एक अरब डॉलर से अधिक मूल्यांकन) हैं।मोदी ने कहा, ‘‘भविष्य की प्रौद्योगिकियों के लिए अनुसंधान और विकास में निवेश सरकार की प्राथमिकता है।’’


Download Android App
Download iOS App



