पूर्व भारतीय क्रिकेटर यशपाल शर्मा के निधन पर पीएम मोदी सहित अन्य नेताओं ने जताया शोक

Summary :

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित अन्य नेताओं ने पूर्व भारतीय क्रिकेटर यशपाल शर्मा के निधन पर मंगलवार को दुख व्यक्त किया।

मध्यक्रम में अपनी जुझारू बल्लेबाजी के कारण भारतीय क्रिकेट में विशेष पहचान बनाने वाले और 1983 विश्व कप के नायक यशपाल शर्मा का मंगलवार को दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। वह 66 वर्ष के थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनके निधन पर दुख व्यक्त करते हुए उन्हें टीम के साथियों, प्रशंसकों के साथ-साथ उभरते क्रिकेटरों के लिए प्रेरणा बताया।
प्रधानमंत्री ने ट्विटर पर लिखा, ‘‘ श्री यशपाल शर्मा जी 1983 की मशहूर टीम सहित भारतीय क्रिकेट टीम के बहुत प्रिय सदस्य थे। वह टीम के साथियों, प्रशंसकों के साथ-साथ उभरते क्रिकेटरों के लिए एक प्रेरणा थे। उनके निधन से शोक में हूं। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति मेरी संवेदना है। ओम शांति।’’


केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी यशपाल शर्मा के निधन पर दुख जताया। उन्होंने कहा वह क्रिकेट जगत के एक उम्दा खिलाड़ी थे, जिन्होंने 1983 क्रिकेट विश्व कप में भारत की ऐतिहासिक जीत में अहम योगदान दिया। उनकी रोमांचक पारियां हमेशा हमारी स्मृति में रहेंगी. उनका निधन क्रिकेट जगत के लिए एक बड़ी क्षति है। उन्होंने यशपाल शर्मा के परिजनों और समर्थकों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की।


मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। योगी ने ट्वीट कर यशपाल शर्मा के निधन पर शोक संदेश में कहा कि प्रभु श्रीराम उन्हें अपने चरणों में स्थान दें। भारतीय क्रकेट में उनके योगदान को भुलाया नहीं जा सकता। इस दुख की घड़ में उनके परिवार के प्रति पूरी संवेदनायें।


मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी यशपाल शर्मा के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त की है। चौहान ने कहा कि पूर्व विस्फोटक बल्लेबाज और देश को 1983 में वर्ल्ड कप जिताने वाली टीम का हिस्सा रहे श्री शर्मा के निधन की दु:खद सूचना मिली है। यह क्रिकेट के जगत के लिए बहुत बड़ क्षति है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति दें और परिजनों को इस वज्राघात को सहने की क्षमता दें।

नहीं रहे पूर्व क्रिकेटर यशपाल सिंह, 66 साल की उम्र में हार्ट अटैक से निधन

Desk Team