कोविड-19 की स्थिति की समीक्षा के लिए एक उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को केंद्र और राज्य सरकारों के सहयोगात्मक प्रयासों तथा महामारी से निपटने में नागरिकों की सक्रिय भागीदारी की सराहना की।
प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने कहा कि टीकाकरण अभियान की दिशा में भारत के लगातार प्रयास और कोविड के ओमीक्रोन स्वरूप के कारण हाल में मामलों में बढ़ोतरी के दौरान अस्पताल में कम भर्ती दर, बीमारी की कम गंभीरता तथा मृत्यु दर कम करने में मदद के लिए टीके की प्रभावशीलता के विश्लेषण पर भी प्रकाश डाला गया।
पीएमओ ने कहा कि समीक्षा बैठक में यह सामने आया कि केंद्र सरकार के नेतृत्व में सक्रिय और सहयोगात्मक प्रयासों ने संक्रमण के प्रसार के प्रभावी प्रबंधन में मदद की।
टीकाकरण प्रयासों की विश्व स्तर पर सराहना की गई
पीएमओ ने कहा कि यह भी उल्लेख किया गया कि विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ), संयुक्त राष्ट्र, अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष के साथ-साथ हार्वर्ड बिजनेस स्कूल और इंस्टीट्यूट फॉर कॉम्पिटिटिवनेस की रिपोर्ट में महामारी से निपटने में भारत के कदमों और टीकाकरण प्रयासों की विश्व स्तर पर सराहना की गई है।
प्रधानमंत्री ने टीका प्रदाताओं, स्वास्थ्य कर्मियों और केंद्र तथा राज्य सरकारों द्वारा किए गए अथक प्रयासों की सराहना की। मोदी ने कोविड-19 से संबंधित प्रोटोकॉल का पालन करने के महत्व को रेखांकित किया और समुदाय से निरंतर सहयोग तथा व्यक्तियों की भागीदारी से टीकाकरण, कोविड-उपयुक्त व्यवहार का पालन करने का आग्रह किया।
बैठक में देश में टीकाकरण अभियान की स्थिति का भी जायजा लिया गया और वैश्विक स्तर पर तथा भारत में महामारी की स्थिति पर एक विस्तृत प्रस्तुति भी दी गई। गृह मंत्री अमित शाह और स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया के अलावा कई वरिष्ठ अधिकारियों ने भी बैठक में भाग लिया।


Download Android App
Download iOS App



