प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को कहा कि सरकार को इस साल भारतीय अर्थव्यवस्था के 7.5 फीसदी की दर से बढ़ने की उम्मीद है। मोदी ने ब्रिक्स बिजनेस फोरम को ‘वीडियो कॉन्फ्रेंस’ के जरिए संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय डिजिटल अर्थव्यवस्था का आकार 2025 तक 1,000 अरब अमेरिकी डॉलर तक पहुंच जाएगा।
वृद्धि दर 7.5 प्रतिशत रहने की उम्मीद : मोदी
उन्होंने भारतीय अर्थव्यवस्था की मजबूती पर प्रकाश डालते हुए कहा कि देश में राष्ट्रीय बुनियादी ढांचा पाइपलाइन के तहत 1500 अरब डॉलर के निवेश के अवसर हैं। मोदी ने अपने संबोधन में कहा, ‘‘हम इस साल वृद्धि दर 7.5 प्रतिशत रहने की उम्मीद कर रहे हैं, जो हमें सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था बनाएगी।’’ उन्होंने कहा कि ‘‘नए भारत’’ में हर क्षेत्र में रूपांतरकारी बदलाव हो रहे हैं, और देश के आर्थिक सुधार का एक प्रमुख स्तंभ प्रौद्योगिकी आधारित वृद्धि है।
पांच सबसे बड़े विकासशील देश एक मंच पर
प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘हम हर क्षेत्र में नवाचार का समर्थन कर रहे हैं।’’ ब्रिक्स बिजनेस फोरम का आयोजन पांच देशों के समूह के शिखर सम्मेलन से एक दिन पहले हुआ। ब्रिक्स दुनिया के पांच सबसे बड़े विकासशील देशों – ब्राजील, रूस, भारत, चीन, दक्षिण अफ्रीका को एक मंच पर लाता है। इन देशों की कुल हिस्सेदारी वैश्विक आबादी में 41 फीसदी, वैश्विक जीडीपी में 24 फीसदी और वैश्विक व्यापार में 16 फीसदी है।


Download Android App
Download iOS App



