प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को कहा कि भारत अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के स्वागत को लेकर उत्सुक है। अमेरिकी राष्ट्रपति 24 और 25 फरवरी को भारत की यात्रा पर होंगे।
मोदी ने ट्वीट किया, ‘‘भारत डोनाल्ड ट्रम्प का स्वागत करने के लिए उत्सुक है। यह सम्मान की बात होगी कि वह कल हमारे साथ होंगे, जिसकी शुरुआत अहमदाबाद में ऐतिहासिक कार्यक्रम से होगी।’’
प्रधानमंत्री गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी के उस ट्वीट पर प्रतिक्रिया दे रहे थे जिसमें उन्होंने कहा, ‘‘पूरा गुजरात एक आवाज में कहता है -नमस्ते ट्रम्प।’’
ट्रंप और मोदी अहमदाबाद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से 22 किलोमीटर तक का रोड शो करेंगे। इसके बाद वे मोटेरा शहर में नवनिर्मित सरदार पटेल स्टेडियम में आयोजित ‘नमस्ते ट्रंप’ कार्यक्रम के लिये जाएंगे, जिसमें एक लाख से अधिक लोगों के आने की उम्मीद है।
इसके बाद अमेरिकी राष्ट्रपति आगरा के लिये रवाना होंगे और वहां से दिल्ली आएंगे।
अमेरिकी राष्ट्रपति और उनकी पत्नी मेलानिया ट्रंप का 25 फरवरी की सुबह राष्ट्रपति भवन में औपचारिक स्वागत किया जाएगा।
इसके बाद ट्रंप महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित करने राजघाट में उनकी समाधि पर जाएंगे। इसके बाद ट्रंप और मोदी के बीच हैदराबाद हाउस में प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता होगी।


Download Android App
Download iOS App



