प्रधामनंत्री मोदी ने ‘पीएम केयर्स फंड’ में राशि देने पर राष्ट्रपति कोविंद का किया धन्यवाद

Summary :

प्रधानमंत्री मोदी ने शनिवार को “प्रधानमंत्री आपात स्थिति नागरिक सहायता एवं राहत कोष” के गठन की घोषणा की थी जिसमें लोग दान कर सकते हैं।

कोरोना वायरस (कोविड-19) के खिलाफ लड़ाई में मदद के लिए देश के हर तबके का नागरिक आगे आ रहा है। इसके मद्दे राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद द्वारा ‘पीएम केयर्स फंड’ में अपनी एक महीने की तनख्वाह देने के ऐलान का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को धन्यवाद किया। दरअसल, प्रधानमंत्री मोदी ने कोरोना महामारी से निपटने के लिए पीएम केयर्स फंड बनाया है। इस फंड के जरिए देश का कोई भी नागरिक कोरोना वायरस के खिलाफ सरकार की लड़ाई में मदद एवं योगदान दे सकता है। 
प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट कर लिखा, ‘‘माननीय राष्ट्रपति जी आपको धन्यवाद। राष्ट्रपति जी राष्ट्र की अगुवाई कर रहे हैं और उसे प्रेरित कर रहे हैं।’’ राष्ट्रपति भवन ने ट्वीट किया था कि राष्ट्रपति कोविंद राष्ट्र को कोविड-19 के इस संकट से उबरने में मदद करने के लिए पीएम केयर्स में एक महीने की अपनी तनख्वाह देने का वादा करते हैं। 


ट्वीट में कहा गया है, ‘‘वह सभी नागरिकों से कोविड-19 को पराजित करने में मदद करने के लिए पीएम केयर्स में उदारता से दान करने की अपील करते हैं।’’ प्रधानमंत्री मोदी ने शनिवार को “प्रधानमंत्री आपात स्थिति नागरिक सहायता एवं राहत कोष” के गठन की घोषणा की थी जिसमें लोग दान कर सकते हैं और कोरोना वायरस के खिलाफ लड़ाई में सरकार की मदद कर सकते हैं। 

उन्होंने कहा, ‘‘ अपने साथी भारतीयों से मेरी अपील है कि वे पीएम केयर्स में उदारता पूर्वक योगदान करें। आने वाले समय में यदि कोई ऐसी विषम परिस्थति पैदा होती है तो उसमें भी यह कोष काम आएगा।’’
बता दें कि पीएम मोदी की घोषणा के बाद देश की कई नामी हस्तियों और नेताओं ने पीएम केयर्स फंड में अपनी क्षमता के अनुसार धन राशि दान कर चुके है। लगातार दान करने वालों की संख्या में इजाफा हो रहा है। बड़ी हस्तियों के साथ-साथ देश का आम नागरिक भी दान करने में पीछे नहीं है।

Desk Team