ओम बिरला द्वारा उठाए गए कदमों ने हमारे संसदीय लोकतंत्र को समृद्ध किया : PM मोदी

Summary :

प्रधानमंत्री ने कहा, ओम बिरला जी ने पहली बार सांसदों, युवा सांसदों और महिला सांसदों को सदन में बोलने का अवसर देने पर विशेष बल दिया।

17वीं लोकसभा के अध्यक्ष के तौर पर ओम बिरला ने दो साल पूरे कर लिए हैं। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनके काम की सराहना करते हुए कई ट्वीट किए। प्रधानमंत्री ने कहा कि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला द्वारा उठाए गए कदमों ने हमारे संसदीय लोकतंत्र को समृद्ध किया है।
प्रधानमंत्री ने ट्वीट करते हुए लिखा, “पिछले दो वर्षों में ओम बिरला जी ने कई कदम उठाए हैं जिन्होंने हमारे संसदीय लोकतंत्र को समृद्ध किया है और उत्पादकता में वृद्धि की है, जिससे कई ऐतिहासिक और साथ ही जन-समर्थक कानून पारित हुए हैं”।


उन्होंने एक अन्य ट्वीट में लिखा, ओम बिरला जी ने पहली बार सांसदों, युवा सांसदों और महिला सांसदों को सदन में बोलने का अवसर देने पर विशेष बल दिया। उन्होंने विभिन्न समितियों को भी मजबूत किया है, जिनकी हमारे लोकतंत्र में भूमिका महत्वपूर्ण है।

अपने कार्यकाल के दो साल पूरे होने पर ओम बिरला ने ट्वीट करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सदन में सभी दलों के नेताओं व माननीय सदस्यों के समर्थन के लिए आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा, दलगत मतभेदों के बावजूद देशहित व जनहित के विषयों पर माननीय सांसदों की एकजुटता विभिन्न अवसरों पर परिलक्षित हुई जिससे आमजन में लोकतंत्र के प्रति आस्था बढ़ी तथा जनतंत्र के इस सर्वोच्च मंदिर की प्रतिष्ठा में अभिवृद्धि हुई।
ओम बिरला ने ने कहा कि 2 वर्ष संसद के कामकाज की दृष्टि से ऐतिहासिक भी रहे और परिणामदायक भी रहे। सभी सदस्यों के सक्रिय योगदान से संसद में कार्य उत्पादकता और कार्य निष्पादन की दृष्टि से हमने कोशिश की की सदन में सार्थक चर्चा हो, संवाद हो ताकि जो निर्णय हो, उससे समाज का कल्याण हो।

Desk Team