प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शाम को राष्ट्रपति के अभिभाषण के धन्यवाद प्रस्ताव पर लोकसभा में बहस का जवाब दे सकते हैं। अपने इस जवाबी भाषण के दौरान जहां एक तरफ प्रधानमंत्री मोदी राहुल गांधी समेत तमाम विरोधी दलों के सांसदों द्वारा चर्चा के दौरान उन पर और उनकी सरकार पर लगाए गए आरोपों का जवाब देते नजर आएंगे वहीं साथ ही पांचों चुनावी राज्यों के मतदाताओं को भी राजनीतिक संदेश देने की कोशिश करेंगे।
लोकसभा में 2 फरवरी को विपक्ष की तरफ से राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा की शुरूआत करते हुए राहुल गांधी ने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जमकर निशाना साधा था। राहुल ने सरकार पर देश में रोजगार के अवसर खत्म करने, छोटे और मध्यम उद्योगों को खत्म करने, गरीबों और अमीरों के बीच असमानता की खाई बढ़ाने, चीन और पाकिस्तान सीमा पर गलत नीतियों की वजह से राष्ट्रीय सुरक्षा को गंभीर खतरा उत्पन्न करने जैसे कई तरह के गंभीर आरोप लगाते हुए सरकार की आर्थिक , औद्योगिक, सामरिक, विदेश, आंतरिक और बाह्य सुरक्षा की नीति पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए थे।
राहुल ने संघवाद और संवैधानिक संस्थाओं को लेकर भी प्रधानमंत्री पर तीखा हमला बोलते हुए आरोपों की झड़ी लगा दी थी। सरकार पर हमला बोलते हुए राहुल गांधी ने यह भी कहा था कि यूपीए सरकार ने अपने 10 साल के कार्यकाल में 27 करोड़ लोगों को गरीबी से निकाला था और एनडीए सरकार ने 23 करोड़ लोगों को वापस गरीबी में धकेल दिया है।
राहुल ने शहंशाह और राजा जैसे शब्दों का इस्तेमाल करते हुए सीधे प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधा था। अन्य विरोधी दलों के नेताओं ने भी चर्चा के दौरान सरकार की नीतियों और पीएम मोदी की जमकर आलोचना की थी। सोमवार शाम को लोक सभा में बोलने के दौरान प्रधानमंत्री मोदी इन तमाम आरोपों पर पलटवार करते हुए विरोधी दलों खासकर राहुल गांधी और कांग्रेस को घेरने की कोशिश करते दिखाई देंगे।
आपको बता दें कि, राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने बजट सत्र के पहले दिन, 31 जनवरी को संसद के दोनों सदनों के संयुक्त सत्र को संबोधित किया था। संसदीय परंपरा के अनुसार लोक सभा और राज्यसभा , दोनों सदनों में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर चर्चा कर धन्यवाद प्रस्ताव पारित किया जाता है।
PM के जवाबी भाषण के साथ समाप्त होगा अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव
राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जवाबी भाषण के साथ ही सोमवार को लोकसभा में इस पर चर्चा का समापन हो जाएगा। बताया जा रहा है कि लोक सभा सोमवार को ही इस प्रस्ताव को पारित भी कर सकती है। इससे पहले सोमवार को लोकसभा की कार्यवाही शाम 4 बजे शुरू होते ही लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला भारत रत्न लता मंगेशकर के निधन पर शोक संदेश पढ़ेंगे, इसके बाद लोक सभा के सदस्य मौन रहकर स्वर कोकिला को श्रद्धांजलि देंगे और इसके पश्चात लोकसभा की कार्यवाही को स्वर कोकिला के सम्मान में एक घंटे के लिए स्थगित कर दिया जाएगा।
AIMIM प्रमुख पर हुए हमले को लेकर जवाब देंगे अमित शाह
लोकसभा की कार्यवाही दोबारा शुरू होने पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह एआईएमआईएम राष्ट्रीय अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी के काफिले पर हुए हमले के मामले को लेकर सदन में बयान देंगे। सोमवार को लोक सभा में आम बजट-2022-2023 पर चर्चा की शुरूआत होने की भी संभावना है।


Download Android App
Download iOS App



