केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने शुक्रवार को पूर्व डीएमके नेता उदयनिधि स्टालिन के सनातन धर्म के खिलाफ बयानबाजी पर विपक्षी गुट इंडिया की चुप्पी पर सवाल उठाया। इससे पहले चेन्नई में एक सेमिनार को संबोधित करते हुए, तमिलनाडु सरकार में खेल और युवा मामलों के मंत्री ने सनातन धर्म की तुलना “मच्छर, डेंगू, मलेरिया, बुखार और कोरोना” से की और इसे खत्म करने का आह्वान किया।
प्रियांक खड़गे ने सनातन धर्म पर की थी आपत्तिजनक टिप्पणी
जोशी ने सवाल किया कि लोगों को राजस्थान में सत्तारूढ़ कांग्रेस को वोट क्यों देना चाहिए, उन्होंने कहा, कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जू खड़गे के बेटे प्रियांक खड़गे ने सनातन धर्म की तुलना एक बीमारी से की। मैं कांग्रेस से पूछना चाहता हूं और राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को इस पर क्या कहना है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अभी तक इन बयानों की सीधे तौर पर निंदा नहीं की है।
जी20 शिखर सम्मेलन को लेकर इंडिया गठबंधन के रवैया पर उठाए सवाल
प्रियांक खड़गे जहां कर्नाटक सरकार में मौजूदा मंत्री हैं, वहीं उदयनिधि की पार्टी कांग्रेस के साथ इंडिया गठबंधन की घटक है। भाजपा नेता ने कहा, केवल कुछ लोग इसे इंडिया कह रहे हैं। इसे आईएनडीआई गठबंधन कहा जाना चाहिए। चूंकि नाम में गठबंधन शब्द दोहराया गया है, इसलिए यह आईएनडीआई गठबंधन है। यह वास्तव में एक अहंकारी गठबंधन है। विपक्ष पर कटाक्ष करने के लिए जी20 शिखर सम्मेलन का जिक्र करते हुए जोशी ने कहा कि जब पूरी दुनिया वैश्विक कार्यक्रम के आयोजन के लिए देश की सराहना कर रही थी, जिसका विषय ‘वसुधैव कुटुंबकम’ या ‘एक पृथ्वी, एक परिवार, एक भविष्य’ था। भारत के नेता ऐसे बयानों के माध्यम से “नफरत” फैला रहे थे।


Download Android App
Download iOS App



