चुनाव रणनीतिकार के रूप में मशहूर प्रशांत किशोर को लेकर यह कयास लगाए जा रहे हैं कि वह कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं, वहीं इन कयासों के बीच किशोर ने कल शाम कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात की है। बता दें कि 2024 आम चुनाव से पहले कांग्रेस पार्टी के पुनरुद्धार के लिए किशोर के एक प्रस्ताव और गेम प्लान पर विचार कर रही है। तीन दिन में यह उनकी दूसरी मुलाकात थी। किशोर ने शनिवार को कांग्रेस नेताओं के चयनित समूह के समक्ष मिशन 2024 पर विस्तृत प्रस्तुति दी थी।
3 दिनों में दूसरी बार हुई मुलाकात
जानकारी के मुताबिक, बैठक में एजेंडा गुजरात और हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव था जो इस साल के अंत में है और अगले साल कर्नाटक, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और राजस्थान में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। इससे पहले सोनिया गांधी ने अपने घर पर एक टीम के साथ बैठक की, जिसे मिशन 2024 योजना का मूल्यांकन करने का काम सौंपा गया। बैठक में उनकी बेटी और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और वरिष्ठ नेताओं में मुकुल वासनिक, रणदीप सिंह सुरजेवाला, केसी वेणुगोपाल और अंबिका सोनी ने भाग लिया।

प्रशांत किशोर ने कांग्रेस को दिया यह सुझाव
प्रशांत किशोर के प्रस्ताव पर प्रतिक्रिया देने के लिए कांग्रेस को इस महीने का शेष समय दिया गया है, जिसमें पार्टी के लिए अगले आम चुनाव में 370 सीटों पर चुनाव लड़ने और कुछ राज्यों में रणनीतिक साझेदारी की योजना शामिल है। किशोर ने सुझाव दिया कि कांग्रेस उत्तर प्रदेश, बिहार और ओडिशा में अकेले लड़े और तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल और महाराष्ट्र में गठबंधन करें, जिस पर राहुल गांधी सहमत हैं।
कांग्रेस में पीके कि जिम्मेदारी को लेकर जारी है मंथन का दौर
सूत्रों के अनुसार, प्रशांत किशोर के चुनाव प्रस्ताव और उनको पार्टी में शामिल करने को लेकर दस जनपथ पर चर्चा जारी है। हालांकि उनके कांग्रेस में शामिल होने को लेकर अब तक तस्वीर साफ नहीं हो पाई है। पार्टी के कुछ नेता अन्य राजनीतिक दलों से उनके करीबी संबंध होने के चलते इसका विरोध कर रहे हैं। उनका कहना है कि पीके का संबंध ऐसे दलों से है जिनका कांग्रेस से सीधा मुकाबला है या जो कांग्रेस को पसंद नहीं करते हैं, जैसे टीआरएस, वाईएसआर कांग्रेस, टीएमसी। गौरतलब है कि पिछले साल भी इन्हीं वजहों से प्रशांत किशोर और कांग्रेस के बीच बातचीत असफल हो गई थी।
किशोर ने 2024 पर एक विस्तृत प्लान पर दी थी प्रेजेंटेशन
गौरतलब है कि इसके पहले शनिवार को प्रशांत किशोर ने दस जनपथ पर पार्टी नेताओं के साथ हुई पहली बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष के सामने मिशन 2024 पर एक विस्तृत प्लान पर प्रेजेंटेशन दिया था। सूत्रों के अनुसार, प्रशांत किशोर ने कांग्रेस को एक ऐसा प्रस्ताव दिया है जिसके अंतर्गत पार्टी 370 सीटों पर चुनाव लड़ सकती है और कुछ खास राज्यों की सीटों पर मित्र दलों के साथ गठबंधन कर सकती है।


Download Android App
Download iOS App



