राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 31 जुलाई से 1 अगस्त तक दो दिवसीय दौरे पर झारखंड आ रही हैं। इस दौरान वह देवघर, रांची और धनबाद में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगी। राष्ट्रपति 31 जुलाई को देवघर एम्स के पहले दीक्षांत समारोह और धनबाद स्थित आईआईटी (आईएसएम) के 45वें दीक्षांत समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगी। देवघर एम्स के दीक्षांत समारोह में एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी करने वाले 48 छात्रों को मेडल व डिग्रियां दी जाएंगी। सर्वश्रेष्ठ रैंक वाले तीन छात्रों को राष्ट्रपति के हाथ गोल्ड, सिल्वर और ब्रॉन्ज मेडल दिए जाएंगे। एम्स प्रबंधन ने इस ऐतिहासिक समारोह को लेकर 31 जुलाई तक देवघर एम्स के डॉक्टरों की छुट्टियां रद्द कर दी है।
आईआईटी के दीक्षांत में लेंगी हिस्सा
धनबाद स्थित आईआईटी आईएसएसम के डिप्टी डायरेक्टर प्रोफेसर धीरज कुमार ने बताया कि एक अगस्त को होने वाले 45वें दीक्षांत समारोह में राष्ट्रपति की उपस्थिति को लेकर संस्थान में उत्साह है। संस्थान इस वर्ष मिलेनियल वर्ष में प्रवेश कर रहा है। समारोह में कुल 1800 छात्रों को डिग्रियां दी जाएंगी। राष्ट्रपति के आगमन और कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर मंगलवार को झारखंड की मुख्य सचिव अलका तिवारी ने संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि राष्ट्रपति के दौरे के दौरान हर छोटी-बड़ी व्यवस्था समय से पहले चाक-चौबंद कर ली जाए। बैठक में बताया गया कि सावन में देवघर में कांवरियों की भीड़ को देखते हुए राष्ट्रपति को एयरपोर्ट से एम्स तक ले जाने के लिए वैकल्पिक मार्ग तय कर लिया गया है ताकि श्रद्धालुओं के आवागमन में कोई बाधा न आए।
राष्ट्रपति दौरे को लेकर तैयारियां तेज
राष्ट्रपति के दौरे के लिए वाणिज्य कर विभाग के सचिव अमिताभ कौशल और आईजी अखिलेश कुमार झा को नोडल अधिकारी बनाया गया है, जबकि पब्लिक एड्रेस सिस्टम की जिम्मेदारी सूचना एवं जनसंपर्क विभाग को सौंपी गई है। बैठक में रांची, देवघर और धनबाद के उपायुक्तों ने राष्ट्रपति के कार्यक्रमों को पूरे प्रोटोकॉल के साथ संपन्न कराने के लिए ब्लू प्रिंट प्रस्तुत किया। इसके अलावा राष्ट्रपति के साथ आने वाले अतिथियों के आवासन, भोजन, कार्यक्रम स्थलों पर चिकित्सीय सुविधा, पेयजल, शौचालय और अग्निशमन की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।


Download Android App
Download iOS App



