राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने केरल में बाढ़ की स्थिति का जायजा लेने के लिए केरल के राज्यपाल पी सदाशिवम और मुख्यमंत्री पिनराई विजयन से आज बातचीत की। राष्ट्रपति भवन ने आज ट्वीट किया, ‘‘उन्होंने मुश्किलों से लड़ने की केरल के लोगों की क्षमता और साहस की प्रशंसा की। उन्होंने राज्य की जनता को भरोसा दिलाया कि पूरा देश उनके साथ है।’’
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने इस बात पर संतोष व्यक्त किया कि बाढ़ प्रभावित राज्य में राहत एवं बचाव अभियान के लिए केन्द्र तथा राज्य सरकारें साथ मिल कर और तालमेल बैठाते हुए काम कर रहीं हैं। इसमें कहा गया, ‘‘उन्होंने एनडीआरएफ जैसी राहत एजेंसियों और राज्य तथा केन्द्रीय स्तर के जन अधिकारियों की प्रतिक्रिया और प्रतिबद्धता के लिए उनकी सराहना की।
गौरतलब है कि पिछले 10 दिन में मरने वालों की संख्या 197 हो गई है। बड़ी संख्या में लोग अभी भी अपने घरों में फंसे हुए हैं और उन्हें भोजन, पानी और सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाए जाने का इंतजार है।


Download Android App
Download iOS App



