कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने पार्टी एवं इसके कई प्रमुख नेताओं के ट्विटर अकाउंट बंद (लॉक) किये जाने को लेकर बृहस्पतिवार को इस अमेरिकी माइक्रोब्लॉगिंग मंच पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि ट्विटर, भारत में भाजपा सरकार द्वारा लोकतंत्र का गला घोंटने में उसका साथ दे रहा है।
उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘क्या ट्विटर कांग्रेस नेताओं के अकाउंट निलंबित करने में अपनी नीति का अनुसरण कर रहा है या फिर मोदी सरकार की नीति का? उसने अनुसूचित जाति आयोग का ट्विटर अकाउंट बंद क्यों नहीं किया जबकि उसने वही तस्वीरें ट्वीट की थीं, जो हमारे किसी नेता ने की थीं।’’
कांग्रेस महासचिव ने आरोप लगाया, ‘‘कांग्रेस के नेताओं के बड़े पैमाने पर अकाउंट बंद करके, ट्विटर भारत में भाजपा सरकार द्वारा लोकतंत्र का गला घोंटने में उसका साथ दे रहा है।’’ इससे पहले, कांग्रेस ने बृहस्पतिवार को कहा कि उसके और उसके कई नेताओं के ट्विटर अकाउंट को इस माइक्रोब्लॉगिंग प्लेटफॉर्म ने बंद (लॉक) कर दिया है, हालांकि ट्विटर ने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने पर ये कदम उठाया गया है।
वहीं प्रियंका गांधी ने भी प्रोफाइल फोटो बदलकर राहुल गांधी की तस्वीर लगा ली। गौरतलब है कि कुछ दिनों पहले ही दिल्ली में कथित दुष्कर्म एवं हत्या की पीड़िता नौ वर्षीय बच्ची के माता-पिता से मुलाकात की तस्वीर साझा करने को लेकर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी का ट्विटर अकाउंट बंद किया गया था।


Download Android App
Download iOS App



