राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर एक बार फिर हमला बोला हैं। उन्होंने इस बार डॉलर के मुकाबले रुपये की कीमत में गिरावट को लेकर बड़ा बयान दिया हैं।कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने डॉलर के मुकाबले रुपये की कीमत में गिरावट को लेकर शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा और कहा कि अब सरकार को अपनी कुम्भकर्णीय नींद से जागकर आर्थिक नीतियों में सुधार करना चाहिए।
वही अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में शुक्रवार को अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले रुपया 17 पैसे की मजबूती के साथ 79.82 रुपये पर पहुंच गया। बृहस्पतिवार को रुपया गिरकर 80 के पार चला गया था। राहुल गांधी ने फेसबुक पोस्ट में कहा, ‘‘…80, 90 पूरे 100? प्रधानमंत्री बनने से पहले रुपये की कीमत पर लंबे-लंबे प्रवचन देते थे, लेकिन पीएम बनने के बाद, देश को पाखंड के ‘अमृतकाल’ में धकेल दिया है। इतिहास में पहली बार, रुपया अमेरिकी डॉलर के मुक़ाबले सबसे कमज़ोर – 80 पार हो चुका है।’’
राहुल ने फेसबुक पोस्ट के जरिये बोला हमला
राहुल ने आगे कहा, ‘‘रुपये की जर्जर हालत और दिशाहीन सरकार के कारनामों का भुगतान आने वाले दिनों में देश की जनता को करना पड़ेगा। प्रधानमंत्री ने कहा था कि ‘मज़बूत रुपये के लिए एक मज़बूत प्रधानमंत्री की ज़रुरत है’। उस जुमले की हक़ीक़त आज सबके सामने है।’’
कांग्रेस नेता ने कहा,‘‘ मैं भारत सरकार से फिर कह रहा हूं, अभी भी वक़्त है, अपनी कुम्भकर्णीय नींद से जाग जाओ। झूठ और जुमलों की राजनीति बंद करो, और तुरंत आर्थिक नीतियों में सुधार करो। आपकी नाकामियों की सज़ा देश की आम जनता नहीं भुगत सकती।’’


Download Android App
Download iOS App



