कांग्रेस नेता और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने बृहस्पतिवार को यर बाजार में भारी गिरावट को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए उन पर देश की अर्थव्यवस्था को नष्ट करने का आरोप लगाया। इसके साथ ही राहुल ने कहा कि अर्थव्यवस्था की स्थिति पर प्रधानमंत्री को जवाब देना चाहिए।
गांधी ने यह भी दावा किया कि भारत एक देश के तौर पर संकट की तरफ बढ़ रहा है, लेकिन प्रधानमंत्री अर्थव्यवस्था को लेकर बेखबर हैं। उन्होंने संसद परिसर में संवाददाताओं से कहा, ‘‘हमने देखा कि शेयर बाजार में क्या हुआ है। लाखों लोगों का नुकसान हुआ है।
अर्थव्यवस्था की हालत सब देख रहे हैं।’’ कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया, ‘‘ मोदी जी और उनकी विचारधारा ने अर्थव्यवस्था को बर्बाद कर दिया। उनके मुंह से अर्थव्यवस्था के बारे में एक शब्द नहीं निकल रहा है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को तो अर्थव्यवस्था की समझ ही नहीं है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री को बताना चाहिए कि देश की अर्थव्यवस्था की हालत क्यों हुई है। उनके पास इस स्थिति से बाहर निकलने के लिए क्या नीति है।’’ कोरोना वायरस का उल्लेख करते हुए गांधी ने कहा, ‘‘कोरोना वायरस का अर्थव्यवस्था पर गंभीर असर हो रहा है।
प्रधानमंत्री सो रहे हैं। अर्थव्यवस्था को लेकर पहले ही बहुत देर हो चुकी है, नुकसान को कम करने के लिए सरकार को कदम उठाने चाहिए।’’ उन्होंने कहा, ‘‘ युवाओं को प्रधानमंत्री से सवाल पूछना है कि उन्होंने रोजगार के लिए क्या किया है। यह नुकसान आपको होगा।’’


Download Android App
Download iOS App



