कर्नाटक विधानसभा चुनावों की 29 मार्च को घोषणा के बाद राज्य की अपनी पहली यात्रा पर आए गांधी ने अडाणी मुद्दे के जरिए प्रधानमंत्री पर निशाना साधा। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रविवार को कर्नाटक के कोलार में अडाणी समूह के ‘‘भ्रष्टाचार’’ का मुद्दा उठाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला किया। वर्ष 2019 में कोलार में गांधी ने ‘मोदी उपनाम’ पर एक टिप्पणी की थी, जिसके लिए उन्हें आपराधिक मानहानि का दोषी ठहराया गया था और लोकसभा की सदस्यता से अयोग्य करार दिया गया था। उन्होंने यहां ‘जय भारत’ रैली को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘अडाणी भ्रष्टाचार के प्रतीक हैं।’’ कर्नाटक में कांग्रेस के सत्ता में आने का विश्वास व्यक्त करते हुए गांधी ने कहा कि पार्टी की सरकार बनने के बाद मंत्रिमंडल की पहली बैठक में उसके प्रमुख चुनावी वादों को मंजूरी दी जाएगी, जिससे उनके क्रियान्वयन का मार्ग प्रशस्त होगा।

कर्नाटक विधानसभा चुनाव लड़ रही है
राज्य में 10 मई को चुनाव होना है। गांधी ने कहा, ‘‘मुझे बहुत खुशी है कि कांग्रेस पार्टी एकजुट होकर कर्नाटक विधानसभा चुनाव लड़ रही है।’’ कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, कर्नाटक के लिये पार्टी के प्रभारी महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला, पार्टी के प्रदेश प्रमुख डी के शिवकुमार और विधायक दल के नेता सिद्धरमैया सहित वरिष्ठ नेताओं ने जनसभा को संबोधित किया।

दो साल की जेल की सजा सुनाई थी
राहुल गांधी को 23 मार्च को गुजरात के सूरत की एक अदालत ने 2019 के आपराधिक मानहानि मामले में ‘‘सभी चोरों के मोदी उपनाम क्यों हैं’’ टिप्पणी पर दो साल की जेल की सजा सुनाई थी। एक दिन बाद, उन्हें मामले में दोषी ठहराए जाने की तारीख से लोकसभा की सदस्यता से अयोग्य घोषित कर दिया गया था। गांधी ने अप्रैल 2019 में लोकसभा चुनाव प्रचार के दौरान कोलार में यह टिप्पणी की थी।


Download Android App
Download iOS App



