टीकाकरण की धीमी रफ्तार को लेकर राहुल का केंद्र से सवाल, वैक्सीन की बूस्टर खुराक कब लगाएगी सरकार?

Summary :

देश में कोरोना वायरस के नए वेरिएंट ओमीक्रॉन के बढ़ रहे मामलों के बीच कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने केंद्र की मोदी सरकार का घेराव किया।

देश में कोरोना वायरस के नए वेरिएंट ओमीक्रॉन के बढ़ रहे मामलों के बीच कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने केंद्र की मोदी सरकार का घेराव किया। उन्होंने दावा करते हुए कहा की देश में जारी टीकाकरण अभियान की रफ्तार धीमी पड़ गयी है। देश की पूरी पात्र आबादी को अब तक कोरोना वैक्सीन की दोनों डोज नहीं लग पायी हैं, ऐसे में सरकार जनता को ओमीक्रॉन से बचाव के लिए बूस्टर खुराक कब लगाएगी? 
राहुल गांधी ने बूस्टर डोज को लेकर किया केंद्र का घेराव          
राहुल गांधी ने एक आंकड़ा शेयर करते हुए केंद्र से सवाल किया कि अधिकांश जनसंख्या को कोरोना का टीका नहीं लगा है। ऐसे में मोदी सरकार बूस्टर डोज लगाना कब शुरू करेगी? राहुल गांधी ने जो आंकड़ा शेयर किया उसके मुताबिक, अगर मौजूदा रफ्तार से देश में टीकाकरण की प्रक्रिया हुई तो दिसंबर 2021 के अंत तक महज 42 फीसदी आबादी को ही टीका लग पाएगा। जबकि केंद्र सरकार का लक्ष्य था कि साल के आखिर तक देश की 60 फीसदी आबादी को टीका लग जाए।

देश में क्या है ओमीक्रॉन का हाल?
केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने बुधवार को यहां बताया कि दिल्ली में ओमिक्रॉन के सर्वाधिक 57 मामले सामने आयें हैं। महाराष्ट्र में 54 व्यक्ति ओमिक्रॉन से संक्रमित मिले हैं। पिछले 24 घंटों में देश में 57 लाख पांच हजार 39 कोविड टीके लगाये गये हैं। इसके साथ ही आज सुबह सात बजे तक 138 करोड़ 95 लाख 90 हजार 670 कोविड टीके दिये जा चुके हैं। पिछले 24 घंटों में कोविड संक्रमण के 6317 नए मामले सामने आए हैं। देश में अभी 78 हजार 190 कोविड रोगियों का इलाज चल रहा है। यह संक्रमित मामलों का 0.22 प्रतिशत है।

Omicron के 57 मामलों के साथ टॉप पर दिल्ली, देश में 213 हुए कुल केस

Desk Team