पांचवी बार ED के दफ्तर पहुंचे राहुल, कांग्रेस बोली- कुछ भी संवैधानिक नहीं, नीचा दिखाने के लिए की जा रही पूछताछ

Summary :

राहुल गांधी ‘नेशनल हेराल्ड’ धन शोधन मामले में पूछताछ के लिए आज पांचवी बार प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के कार्यालय पहुंचे।

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ‘नेशनल हेराल्ड’ धन शोधन मामले में पूछताछ के लिए आज पांचवी बार प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के कार्यालय पहुंचे। इस बीच कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि यह पूछताछ सिर्फ उनके पूर्व अध्यक्ष को नीचा दिखाने के लिए की जा रही है क्योंकि इस पूरी प्रक्रिया में कुछ भी संवैधानिक और कानूनी नहीं है। मुख्य विपक्षी दल ने यह दावा भी किया कि केंद्र सरकार ने उसके मुख्यालय के सामने रैपिड ऐक्शन फोर्स तैनात की है।
जहां दंगे करवाते हैं वहां तो रैपिड ऐक्शन फोर्स समय पर नहीं पहुंचाई जाती : जयराम रमेश
पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने ट्वीट किया, जहां दंगे करवाते हैं वहां तो रैपिड ऐक्शन फोर्स समय पर नहीं पहुंचाई जाती। परंतु नई दिल्ली में कांग्रेस मुख्यालय के सामने नीले रंग की वर्दी पहने जवानों की रैपिड ऐक्शन फोर्स आज सुबह से मौजूद है। इसको कहते है अमितशाही!। इसके अलावा कांग्रेस प्रवक्ता अभिषेक सिंघवी ने संवाददाताओं से कहा, राहुल गांधी के नेतृत्व से भाजपा की हालत हो गई है पतली, इसीलिए भाजपा ने बनाया है ईडी को अपनी कठपुतली…पांच दिनों की पूछताछ संवैधानिक और कानूनी नहीं है, बल्कि निजी भय है। राहुल गांधी इस सरकार को वर्षों से आईना दिखा रहे हैं, इसलिए यह सब हो रहा है।

यह द्वेष की भावना से बनाया गया मनगढ़ंत मामला है : अभिषेक सिंघवी
अभिषेक सिंघवी ने कहा, अगर यह मामला धनशोधन का है तो धन का हस्तांतरण कहां हुआ? स्पष्ट है कि यह द्वेष की भावना से बनाया गया मनगढ़ंत मामला है। सिंघवी ने दावा किया, बार-बार पूछताछ के लिए बुलाने और अपमानित करने का मकसद सिर्फ नीचा दिखाने का प्रयास है। इससे भाजपा के समर्थक भी शर्मिंदा हैं। अगर आप सोचते हैं कि राहुल गांधी और कांग्रेस इससे दब जाएंगे तो आप मुंगेरीलाल के हसीन सपने देख रहे हैं। कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता मंगलवार को भी ईडी की कार्रवाई के विरोध में प्रदर्शन कर रहे हैं।

Koo App

देश की सबसे पुराने राजनीतिक दल के नेता को लगातार ED दफ्तर में बुलाना लोकसभा चुनाव और राष्ट्रपति चुनाव से पहले एक संदेश है विपक्षी दलों के नेताओ को की सत्ता के गलियारे में हथियार बहुत है विपक्ष पे चलाने के लिए । लेकिन ये देश गांधी जी , बाबा साहब और लोहिया जी का है हम समाजवादी लोग भाजपा के दमन के आगे झुकेंगे नही , और विपक्षी दलों के नेताओ के साथ हो रहे व्यवहार की निंदा करते है साथ ही साथ विपक्षी दलों की सरकारें अब भाजपा के निशाने पे है खरीद फरोख्त जारी है

– Fakhrul Hasan Chaand (@chaandsamajwadi) 21 June 2022


ईडी ने कल की थी 12 घंटे पूछताछ

गौरतलब है कि प्रवर्तन निदेशालय आज फिर से राहुल गांधी से पूछताछ करेगा। उसने सोमवार को करीब 12 घंटे तक उनसे पूछताछ की। पिछले सप्ताह सोमवार, मंगलवार और बुधवार को लगातार तीन दिन ईडी के अधिकारियों ने 52 वर्षीय राहुल गांधी से 30 घंटे से अधिक समय तक पूछताछ की थी, जिस दौरान धन शोधन रोकथाम अधिनियम (पीएमएलए) के तहत उनके बयान दर्ज किये गए थे।
ईडी ने सोनिया गांधी को इसी मामले में 23 जून को तलब किया है।

Desk Team