आइजोल : कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह मंगलवार को मिजोरम में चुनाव रैलियों को संबोधित करेंगे। यहां पर 28 नवंबर को विधानसभा चुनाव होना है। भाजपा सूत्रों ने सोमवार को बताया कि शाह आइजोल के नजदीक स्थित लेंगपुई हवाई अड्डा पहुंचेंगे और हेलीकॉप्टर से मिजोरम के सुदूर दक्षिण में स्थित लवंगटलई, म्यामां सीमा पर चम्फई और असम सीमा पर स्थित वैरेंगटे में जनसभाओं को संबोधित करेंगे। वह वैरेंगटे से आइजोल आएंगे और राज्य के लिए भाजपा का घोषणापत्र/दृष्टिपत्र जारी करेंगे। इसके बाद वह दिल्ली के लिए रवाना हो गये।
कांग्रेस नेताओं ने सोमवार को बताया कि राहुल गांधी एक विशेष विमान से लेंगपुई हवाई अड्डे पर उतरेंगे जहां से वह एक चुनाव रैली को संबोधित करने के लिए चम्फई जाएंगे और वहां से आइजोल लौट कर एक चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। पुलिस ने बताया कि दोनों नेताओं के दौरे को देखते हुये सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। दोनों नेताओं को ‘‘जेड प्लस’’श्रेणी की सुरक्षा मिली हुयी है। 40 सदस्यीय मिजोरम विधानसभा के लिए 28 नवंबर को चुनाव होना है। इस समय मिजोरम एकमात्र पूर्वोत्तर राज्य है जहां कांग्रेस सत्ता में है और ऐसे में सत्ता को बरकरार रखना पार्टी के लिए बड़ी चुनौती है।


Download Android App
Download iOS App



