नई दिल्ली: रेल मंत्री पीयूष गोयल उस समय हवाई अड्डे पर इंतजार करना पड़ा जब वे अमृतसर रेल हादसे की खबर सुनकर अमेरिका में अपने कार्यक्रम रद्द कर लौटने की तैयारी कर रहे थे। उन्हे टिकट ही नहीं मिला। पीयूष गोयल को हवाई अड्डे पर 12 घंटे तक इंतजार करना पड़ा। आखिरकार वह वैकल्पिक उड़ानों के जरिए स्वदेश लौटे। तब तक हादसे को बीते दो दिन हो चुके थे। यह दावा एक विभागीय अफसर ने किया है। दरअसल रेल हादसे के बाद मौजूद न रहने पर रेल मंत्री पीयूष गोयल की काफी आलोचना हुई। अब उनके देरी से पहुंचने पर यह सफाई दी जा रही है।
रेल मंत्री पीयूष गोयल सोमवार को अमेरिका से स्वदेश लौट आए। वह अमृतसर के पास ट्रेन हादसे के दो दिन बाद लौटे हैं। अधिकारियों ने टिकटों की अनुपलब्धता और कनेक्टिंग उड़ानों संबंधी समस्या को उनके लौटने में विलंब का कारण बताया है। इस संबंध में एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘मंत्री हवाईअड्डे पहुंच गए थे, लेकिन वहां टिकट उपलब्ध नहीं थे। असल में वह कई उड़ानों के जरिए और यहां तक कि एक हवाईअड्डे पर 12 घंटे का इंतजार करने के बाद वापस लौटे हैं। उन्होंने वापस आने के लिए हरसंभव कोशिश की। साथ ही वह हमें निर्देश देते रहे और स्थिति पर लगातार नजर रखते रहे।”
अधिकारी ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युतीकरण के लिए पुरस्कार लेने गए गोयल तड़के वापस आ गए। उन्होंने कहा कि मंत्री ने नीति आयोग के एक कार्यक्रम में भी हिस्सा लिया। जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनके कैबिनेट सहकर्मी मौजूद थे। रेल मंत्री ने अमृतसर हादसे के लगभग दो घंटे बाद ट्वीट किया था कि वह अमेरिका में अपने कार्यक्रम रद्द कर रहे हैं और तत्काल भारत लौट रहे हैं। अधिकारियों ने बताया कि हादसे की खबर मिलने के बाद मंत्री ने अपनी यात्रा के दौरान निर्धारित किसी कार्यक्रम में हिस्सा नहीं लिया।अधिकारी ने कहा कि मंत्री के देश पहुंचने पर उन्हें मामले में ताजा जानकारी से अवगत कराया गया है।


Download Android App
Download iOS App



