राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ दिल्ली के जंतर मंतर पर धरना दे रहे पहलवानों को पुलिस द्वारा आज हटा देने को शर्मनाक बताया है।
श्री गहलोत ने सोशल मीडिया पर कहा कि उड़न’बनाम‘पहलवान’अंतर देख रहा हिंदुस्तान। दिल्ली में कहीं त्योहार कहीं लाठियों की बौछार, शर्म करो।
पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने दिल्ली पुलिस द्वारा पहलवानों पर किया गया बल प्रयोग सरकार की संवेदनहीनता की पराकाष्ठा बताते हुए कहा है कि तिरंगे का मान बढ़ने वाले हमारे पहलवानों के साथ ऐसा हृदयहीन बर्ताव।
श्री पायलट ने कहा कि यह न्याय पर प्रहार है, नौजवानों के विश्वास से धोखा है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने इसे शर्मसार और लज्जित लोकतंत्र की तस्वीर करार दिया है।
राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (रालोपा) के संयोजक एवं नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने कहा कि सत्ता के मद मे केंद, सरकार द्वारा पुलिस के माध्यम से आज दिल्ली में हमारे देश की बेटियों के साथ जो बर्ताव किया गया वो निंदनीय है।
श्री बेनीवाल ने कहा कि पुलिस का यह कृत्य लोकतांत्रिक व्यवस्था का अपमान है। अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन करने वाले पहलवानों के साथ किया गया बर्ताव देश का आम- अवाम याद रखेगा।
उल्लेखनीय है कि श्री बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ पिछले करीब एक महीने से दिल्ली के जंतर मंतर पर धरना दे रहे पहलवानों को पुलिस रविवार को हटा दिया।


Download Android App
Download iOS App



