रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लोगों से रविवार को घरों के अंदर रह कर ‘जनता कर्फ्यू’ को बड़े पैमाने पर सफल बनाने की शनिवार को अपील की।
सिंह ने कहा कि कोविड-19 को फैलने से रोकने के लिए सामूहिक कार्रवाई करना वक्त की जरूरत है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों से रविवार को सुबह 7 बजे से रात 9 बजे तक घरों के अंदर रहने की अपील की है। मोदी ने गुरुवार को राष्ट्र के नाम अपने संबोधन में इस ‘जनता कर्फ्यू’ का आह्वान किया था।
एक आधिकारिक बयान के अनुसार रक्षा मंत्री ने कहा कि दहशत में आने की जरूरत नहीं है और सरकार इस महामारी से लड़ने के लिए सभी आवश्यक कदम उठा रही है।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि नागरिक प्रशासन की सहायता के लिए सशस्त्र बल पूरी तरह से तैयार हैं।
बयान के मुताबिक सिंह ने चीन, ईरान, इटली और जापान जैसे वायरस प्रभावित देशों से भारतीयों को लाने में अहम भूमिका निभाने के लिये सशस्त्र बलों की सराहना की है।
सेना ने विदेशों से लाये गये इन लोगों को रखने के लिये कई पृथक केंद्र भी बनाये हैं।
वायुसेना एक फरवरी, 2020 से लेकर अब तक पांच विदेशी नागरिकों सहित 1,059 लोगों को निकाल कर लाई है। उन्हें मानेसर (हरियाणा), हिंडन (उत्तर प्रदेश), घाटकोपर (महाराष्ट्र) और जैसलमेर (राजस्थान) में स्थापित पृथक केंद्रों में रखा गया है।
नौसेना ने भी कई पृथक केंद्र स्थापित किये हैं। इन सबके अलावा सेना के अस्पतालों को किसी भी अकस्मात स्थिति से निपटने के लिये सतर्क रखा गया है।


Download Android App
Download iOS App



