केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह गुरुवार को दो दिवसीय कोच्चि दौरे पर जाएंगे। 25 जून शुक्रवार को रक्षा मंत्री कोचीन शिपयार्ड लिमिटेड (CSL) में बन रहे स्वदेशी विमान वाहक पोत (IAC) की प्रगति की समीक्षा करेंगे। वह गुरुवार को कोच्चि पहुचंगे और शुक्रवार को आईएसी को देखने जाएंगे। आधिकारिक सूत्रों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
सूत्रों के अनुसार, आईएसी के समुद्री परीक्षणों में देरी के मद्देनजर रक्षा मंत्री की दो दिन की कोच्चि यात्रा हो रही है। इस साल की पहली छमाही में यात्रा की योजना थी लेकिन कोविड-19 महामारी की दूसरी लहर के मद्देनजर इसे टाल दिया गया।
पिछले साल दिसंबर में सीएसएल में विमानवाहक पोत के बेसिन परीक्षण सफलतापूर्वक संपन्न हुए और इसने महत्वाकांक्षी युद्धपोत निर्माण परियोजना के पहले चरण में प्रवेश किया। बेसिन परीक्षण, समुद्री परीक्षण से पहले पानी में तैरने की स्थिति में जहाज की मशीनरी और उपकरणों का परीक्षण होता है।
एक रक्षा प्रवक्ता ने पहले कहा था कि आईएसी परियोजना आत्मनिर्भर भारत का सही उदाहरण है जिसमें 75 प्रतिशत सामग्री और उपकरण स्वदेशी हैं। इस परियोजना से 50 से अधिक भारतीय विनिर्माता सीधे तौर पर जुड़े हैं और इससे भारतीय नागरिकों के लिए रोजगार के अच्छे अवसर मिले हैं।
उन्होंने बताया कि आईएसी पर रोजाना आधार पर करीब 2,000 भारतीयों को सीधा रोजगार मिला, वहीं 40 हजार से अधिक लोगों को परोक्ष रूप से रोजी-रोटी मिली। प्रवक्ता के अनुसार, परियोजना की अनुमानित लागत 20,000 करोड़ रुपये है जिसका 80-85 प्रतिशत धन भारतीय अर्थव्यवस्था में ही लगा है।


Download Android App
Download iOS App



