गुजरात कांग्रेस ने 26 मार्च को हो रहे राज्यसभा चुनाव से पहले अपने चार विधायकों के इस्तीफा देने के आलोक में ऐसे निर्वाचित प्रतिनिधियों की खरीद-फरोख्त के डर से रविवार को अपने करीब दो दर्जन विधानसभा सदस्यों को जयपुर भेज दिया।
करीब 20विधायकों ने अहमदाबाद हवाई अड्डे से उड़ान ली जबकि चार विधायक सूरत हवाई अड्डे से रवाना हुए। शनिवार को कांग्रेस ने अपने एक दर्जन विधायकों को जयपुर के एक रिसॉर्ट में पहुंचा दिया था।
ये कदम ऐसे समय उठाये जा रहे हैं जब विधानसभा अध्यक्ष राजेंद्र त्रिवेदी ने रविवार को इस बात की पुष्टि की कि कांग्रेस के चार विधायकों ने शनिवार को इस्तीफा दिया और चारों के इस्तीफे स्वीकार कर लिये गये।
उन्होंने कहा कि वह इन चारों विधायकों के नाम का खुलासा सोमवार को विधानसभा सत्र के दौरान करेंगे।
भाजपा की ओर से तीन और कांग्रेस की तरफ से दो उम्मीदवारों ने राज्य से चार सीटों पर राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल किया। कांग्रेस क्रॉस वोटिंग की किसी भी कोशिश को नाकाम करने के लिए कदम उठा रही है।
विधानसभा में संख्याबल के आधार पर भाजपा दो सीटें जीत सकती है और उसे तीसरी सीट जीतने के लिए कांग्रेस विधायकों के क्रॉस वोटिंग की जरूरत होगी क्योंकि इसके लिए 111 वोट की आवश्यकता होगी।
गुजरात की 182 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा के पास 103 सीटें हैं जबकि कांग्रेस के पास 73, भारतीय ट्राइबल पार्टी के पास दो और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के पास एक सीट है। एक निर्दलीय विधायक भी हैं। कांग्रेस को दो सीटें जीतने के लिए 74 वोटों की जरूरत होगी।
निर्दलीय विधायक जिग्नेश मेवानी ने शुक्रवार को कहा कि वह कांग्रेस के पक्ष में वोट डालेंगे। चार विधायकों के इस्तीफे के बाद विधानसभा में कांग्रेस का संख्याबल 69 रह गया है।


Download Android App
Download iOS App



