रामदास आठवले ने शशि थरूर को दी ‘अंग्रेजी’ सुधारने की सलाह, ट्विटर पर बताईं गलतियां

Summary :

अपने अनोखे अंदाज और मज़ेदार कविताओं के लिए मशहूर केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने शशि थरूर को अंग्रेजी सुधारने की सलाह देते हुए तंज कसा।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और तिरुवनंतपुरम के सांसद शशि थरूर को अंग्रेजी का अच्छा जानकार कहा जाता है। लेकिन इस बार अपनी अंग्रेजी को लेकर चर्चा में आ गए। अपने अनोखे अंदाज और मज़ेदार कविताओं के लिए मशहूर केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने शशि थरूर को अंग्रेजी सुधारने की सलाह देते हुए तंज कसा।
दरअसल, थरूर ने गुरुवार को लोकसभा का एक फोटो ट्वीट किया, जिसमें केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आम बजट को लेकर किए गए सवालों का जवाब देती हुई नजर आ रही हैं। कांग्रेस नेता ने फोटो में नजर आ रहे आठवले हाव भाव के जरिए सरकार पर निशाना साधा है। 


उन्होंने लिखा कि करीब दो घंटों की ‘Bydget debate’ पर निर्भर रहने के बाद मंत्री रामदास आठवले की स्तब्ध और अविश्वसनीय अभिव्यक्ति सब कुछ बता रही है कि ट्रैजरी बेंच भी वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के अर्थव्यवस्था और उनके बजट को लेकर किए गए दावों पर भरोसा नहीं कर पा रही है। 

कांग्रेस नेता के इस ट्वीट पर तंज कस्ते हुए केंद्रीय मंत्री ने रीट्वीट किया। उन्होंने लिखा, “डियर शशि थरूर जी, ऐसा कहा जाता है कि बेवजह के दावे करते और बयान देते समय गलती होना लाजमी है। यहां ‘Bydget’ नहीं BUDGET होगा और rely की जगह ‘reply’ होगा! लेकिन हम समझ सकते हैं!”
केंद्रीय मंत्री के बाद थरूर ने भी जवाब में अपनी गलती को मान लिया था. उन्होंने कहा कि टाइपिंग में गलती के गलती के कारण ऐसा हुआ। उन्होंने कहा, ‘लापरवाह टाइपिंग खराब अंग्रेजी से ज्यादा बड़ा पाप है..!’ रामदास आठवले अक्सर अपने तुकबंदी भाषणों से संसद में पक्ष और विपक्षी सदस्यों को हंसने पर मजबूर कर देते हैं।

Desk Team