मोदी सरकार का बड़ा फैसला, अब 24 नहीं 23 जनवरी से होगी गणतंत्र दिवस समारोह की शुरुआत

Summary :

केंद्र सरकार ने फैसला किया है कि गणतंत्र दिवस समारोह की शुरुआत अब हर साल 24 जनवरी के बजाय 23 जनवरी को शुरू होगी ताकि स्वतंत्रता सेनानी सुभाष चंद्र बोस की जयंती इसमें शामिल की जा सके।

केंद्र की मोदी सरकार ने 24 जनवरी की जगह अब 23 जनवरी से गणतंत्र दिवस समारोह की शुरुआत करने का फैसला किया है। यह फैसला स्वतंत्रता सेनानी नेताजी सुभाष चंद्र बोस के जन्‍मदिन को गणतंत्र दिवस समारोह में शामिल करने की वजह से ल‍िया गया है।
सरकारी सूत्रों ने बताया कि यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार के रुख के अनकूल है जो भारत के इतिहास और संस्कृति के अहम पहलुओं को मनाने पर ध्यान केंद्रित कर रही है। उन्होंने रेखांकित किया कि इससे पहले बोस की जयंती को ‘पराक्रम दिवस’ के रूप में मनाने की शुरुआत की गई थी।
सूत्रों ने बताया कि अन्य दिवस जो हर साल मनाए जाने का फैसला लिया गया है उनमें 14 अगस्त को विभाजन विभिषिका स्मरण दिवस, 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस (सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती), 15 नवंबर जनजातीय दिवस (बिरसा मुंडा जंयती), 26 नवंबर को संविधान दिवस और 26 दिसंबर को वीर बाल दिवस (सिखों के 10वें गुरु, गुरु गोबिंद सिंह के चार साहबजादों की याद में) शामिल हैं।

Desk Team