मुकेश अंबानी की रिलायंस रिटेल और किशोर बियानी की फ्यूचर ग्रुप के बीच हुई 24,713 करोड़ की डील में मुकेश अंबानी को बड़ा झटका लगा है। आज इस डील की सुनवाई सुप्रीम कोर्ट में हुई। कोर्ट ने एमेजॉन के पक्ष में फैसला सुनाया है। सुप्रीम कोर्ट ने अपने फैसले में कहा है कि सिंगापुर में जो इमरजेंसी आर्बिट्रेटर का फैसला है, वह भारत में भी लागू होगा। इमरजेंसी आर्बिट्रेटर ने फ्यूचर रिटेल की डील पर रोक का आदेश जारी किया था।
बता दें कि सिंगापुर में रिलायंस-फ्यूचर ग्रुप के फैसले पर रोक लगा दी गई थी, इसी के बाद भारत में भी अमेजन ने विलय सौदे के खिलाफ याचिका दायर की थी। रिलायंस और फ्यूचर ग्रुप की करीब 24 हजार करोड़ की डील के खिलाफ अमेजन ने सबसे पहले दिल्ली हाई कोर्ट में याचिका दायर की थी, हाई कोर्ट ने इस डील पर रोक लगाने से इनकार कर दिया था। इसी के बाद अमेजन की ओर से सुप्रीम कोर्ट का रुख किया गया था।
जानकारी के लिए बता दें कि सिंगापुर इंटरनेशनल आर्बिट्रेटर सेंटर (SIAC) को ही इमरजेंसी आर्बिट्रेटर कहते हैं। सिंगापुर इंटरनेशनल आर्बिट्रेटर ने अक्टूबर 2020 में रिलायंस और फ्यूचर ग्रुप की डील पर रोक का आदेश जारी किया था। इसके साथ ही तीन मेंबर की पैनल का भी गठन किया गया था। अभी तक इस पैनल ने अपनी रिपोर्ट नहीं सौंपी है। रिलायंस रिटेल ने अगस्त 2020 में फ्यूचर ग्रुप के रिटेल, होलसेल, लॉजिस्टिक्स और वेयरहाउसिंग बिजनेस के अधिग्रहण का ऐलान किया था।
एमेजॉन ने फ्यूचर रिटेल की प्रमोटर कंपनी फ्यूचर कूपन्स में 49 फीसदी हिस्सेदारी दिसंबर 2019 में खरीदी थी। अगस्त 2020 में जब फ्यूचर ग्रुप ने रिलायंस रिटेल को अपना सारा रिटेल बिजनेस बेचने का फैसला किया तो एमेजॉन ने इसका विरोध किया।एमेजॉन का कहना था कि यह फ्यूचर-एमेजॉन के बीच हुए अग्रीमेंट के खिलाफ है। इसके बाद एमेजॉन ने अलग-अलग कोर्ट में इस डील के खिलाफ अपील दायर की थी। अक्टूबर में SIAC ने एमेजॉन के पक्ष में अपना फैसला सुनाया था।


Download Android App
Download iOS App



