सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई), काउंसिल फॉर द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशन (सीआईएससीई) टर्म 2 और अन्य बोर्ड परीक्षाओं को ऑनलाइन मोड में आयोजित करने से इंकार कर दिया। न्यायमूर्ति एएम खानविलकर की अध्यक्षता वाली पीठ ने कक्षा 10वीं और 12वीं के लिए ऑफलाइन बोर्ड परीक्षा रद्द करने के लिए दायर याचिका को खारिज करते हुए कहा, “यह आदर्श नहीं बन सकता। इस तरह की याचिकाओं पर सुनवाई करने से सिस्टम में और अधिक भ्रम पैदा होगा। इसके साथ ही यह बच्चों को झूठ आशा भी देती हैं।”
ऑफलाइन मोड से होंगी बोर्ड की परीक्षाएं
पीठ ने आगे कहा, “अधिकारी पहले से ही तारीखों और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने पर काम कर रहे हैं। अगर उन्हें अंतिम रूप देने के बाद कोई समस्या है तो पीड़ित पक्ष अधिकारियों से संपर्क कर सकते हैं।” याचिका में सीबीएसई और अन्य शिक्षा बोर्डों को निर्देश देने की मांग की गई है, जिन्होंने मूल्यांकन के अन्य तरीकों को तैयार करने के लिए कक्षा 10वीं और 12वीं के लिए ऑफलाइन मोड में बोर्ड परीक्षा आयोजित करने का प्रस्ताव दिया है। 15 से अधिक राज्यों के कक्षा 10वीं और 12वीं के छात्रों द्वारा दायर याचिका में आगामी बोर्ड परीक्षाओं के लिए एक वैकल्पिक मूल्यांकन पद्धति की मांग की गई थी।
छात्रों की ओर से पीठ के समक्ष रखा गया यह अहम मुद्दा
कोविड से उत्पन्न समस्या का हवाला देते हुए छात्रों की ओर से पीठ के समक्ष कहा गया कि 2 सालों से कोविड में सुधार के बाद भी ऑफलाइन कक्षाएं नहीं चलाई गई हैं। दरअसल पिछले साल, सीबीएसई और सीआईएससीई सहित लगभग सभी राज्य और केंद्रीय शिक्षा बोर्डों को कोविड महामारी की दूसरी लहर के कारण कक्षा 10वीं और 12वीं की अंतिम परीक्षा रद्द करनी पड़ी और मूल्यांकन के वैकल्पिक तरीकों का पालन करना पड़ा। हालांकि, सीबीएसई, सीआईएससीई और कुछ अन्य राज्य बोर्डों ने 2021-22 के लिए दो टर्म बोर्ड परीक्षा प्रणाली के साथ जाने का फैसला किया है।
ऑफलाइन होंगी 10वीं और 12वीं की टर्म 2 की परीक्षा
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने कक्षा 10वीं और 12वीं की टर्म 2 परीक्षा की तारीखों की घोषणा कर दी है। टर्म 2 की परीक्षा 26 अप्रैल से होगी। इस बीच, काउंसिल फॉर द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशन (सीआईएससीई) द्वारा आईसीएसई कक्षा 10वीं और आईएससी कक्षा 12वीं की परीक्षा अप्रैल के अंतिम सप्ताह में आयोजित करने की संभावना है। सीआईएससीई ने एक बयान में कहा है कि विस्तृत टाइम टेबल को जल्द ही जारी किया जाएगा।


Download Android App
Download iOS App



