केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि शनिवार को कोविड-19 रोधी टीकों की 22 लाख से अधिक खुराक देने के साथ ही देश में अब तक दी गयी कोविड-19 रोधी टीकों की खुराकों की संख्या 145.40 करोड़ से अधिक हो गई ।
कोविड-19 रोधी टीकों की 50,04,54,035 पहली खुराक और 33,50,59,168 दूसरी खुराक दी गयी
मंत्रालय ने बताया कि देर रात तक अंतिम रिपोर्ट आने पर यह संख्या बढ़ने की उम्मीद है। उसके आंकड़े के अनुसार टीकाकरण के तीसरे चरण की शुरुआत के बाद से अबतक 18-44 साल के उम्रवर्ग में लोगों को कोविड-19 रोधी टीकों की 50,04,54,035 पहली खुराक और 33,50,59,168 दूसरी खुराक दी गयी।
भारत का कोविड-19 टीकाकरण कवरेज 145.40 करोड़ के पार
मंत्रालय ने बताया कि अबतक टीकों की 84,54,89,349 पहली और 60,85,62,479 दूसरी खुराक लगायी गयी है। उसने कहा, ‘‘ आज भारत का कोविड-19 टीकाकरण कवरेज 145.40 करोड़ के पार चला गया। आज शाम सात बजे तक टीकों की 22 लाख से अधिक यानी 22,56,362 खुराक दी गयीं। ’’
उसने कहा कि देश में सबसे अधिक जोखिम वाले समूहों को कोविड से बचाव के उपाय के तौर पर टीकाकरण अभियान की शीर्षतम स्तर पर लगातार नियमित रूप से समीक्षा एवं निगरानी की जाती है।
देश भर में टीकाकरण अभियान 16 जनवरी को शुरू किया गया था, जिसमें पहले चरण में स्वास्थ्य कर्मियों को टीका लगाया गया था। अग्रिम मोर्चा के कर्मियों का टीकाकरण दो फरवरी से शुरू हुआ था।
कोविड-19 टीकाकरण का अगला चरण एक मार्च से 60 वर्ष से अधिक और 45 वर्ष और उससे अधिक आयु के गंभीर रोगों से लोगों के लिये शुरू हुआ।
देश ने एक अप्रैल से 45 वर्ष से अधिक आयु के सभी लोगों के लिए टीकाकरण शुरू किया। सरकार ने एक मई से 18 वर्ष से ऊपर के सभी लोगों के टीकाकरण की अनुमति दी।


Download Android App
Download iOS App



