Sonia Gandhi Admitted: रूटीन चेकअप के लिए दिल्ली के गंगाराम अस्पताल में भर्ती हुई सोनिया गांधी

Summary :

कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी को नियमित चिकित्सा जांच के लिए दिल्ली के गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूत्रों ने बताया कि उन्हें रूटीन चेकअप के लिए भर्ती कराया गया है।

कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी को नियमित चिकित्सा जांच के लिए  दिल्ली के गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूत्रों ने बताया कि उन्हें रूटीन चेकअप के लिए भर्ती कराया गया है। अस्पताल में भर्ती कराने के समय सोनिया गांधी की पुत्री प्रियंका गांधी वाद्रा भी उनके साथ थीं। सूत्रों ने बताया कि सोनिया गांधी श्वास संबंधी संक्रमण से पीड़ित रही हैं। उनकी तबियत मंगलवार से खराब थी जिस कारण राहुल गांधी और प्रियंका गांधी उत्तर प्रदेश में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के प्रवेश करने पर सात किलोमीटर चलने के बाद मंगलवार शाम दिल्ली लौट आए थे।
राहुल गांधी आ सकते हैं दिल्ली 
पार्टी सूत्रों का कहना है कि कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ आज सुबह छह बजे बागपत के मवीकलां से फिर शुरू हुई। हालांकि प्रियंका गांधी बुधवार की सुबह राहुल गांधी के साथ पदयात्रा में शामिल नहीं हुईं। उनके दोपहर बाद इस यात्रा में शामिल होने की संभावना है। ऐसा माना जा रहा है कि  राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा से वक़्त निकालकर द‍िल्‍ली आकर अपनी माँ सोनिया गांधी से मुलाकात कर सकते हैं। 
भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुई थीं सोनिया गांधी
बता दें कि हाल ही में सोनिया गांधी को कांग्रेस के स्थापना दिवस पर सार्वजनिक कार्यक्रम में देखा गया था। बीते 24 दिसंबर को वह दिल्ली में भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुई थीं और थोड़ी दूर तक राहुल गांधी के साथ चली थीं। ये दूसरा मौका था जब सोनिया गांधी भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुईं थी। 

Desk Team