राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के पास अब भी 5.16 करोड़ खुराक उपलब्ध : स्वास्थ्य मंत्रालय

Summary :

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने रविवार को कहा कि राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को कोविड-19 रोधी टीकों की अब तक 78.58 करोड़ से अधिक खुराक उपलब्ध कराई गई हैं।

देशभर में कोरोना वायरस को काबू में करने के लिए टीकाकरण अभियान जारी है। इस बीच केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने रविवार को कहा कि राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को कोविड-19 रोधी टीकों की अब तक 78.58 करोड़ से अधिक खुराक उपलब्ध कराई गई हैं। इसके अलावा, 1.16 करोड़ से अधिक खुराक जल्द भेजे जाने की तैयारी है।
मंत्रालय ने कहा कि राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के पास अब भी 5.16 करोड़ खुराक उपलब्ध हैं।इसने कहा कि टीका आपूर्ति श्रृंखला को सुव्यवस्थित करने के लिए राज्यों तथा केंद्रशासित प्रदेशों को ज्यादा टीके उपलब्ध कराकर तथा बेहतर योजना बनाकर टीकाकरण अभियान को मजबूत किया गया है।रविवार को भारत में कोरोना वायरस संक्रमण के 30,773 नए मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की कुल संख्या 3,34,48,163 हो गई जबकि उपचाराधीन रोगियों की तादाद कम होकर 3,32,158 रह गई है।
आंकड़ों के अनुसार 309 रोगियों की मौत के बाद मृतकों की तादाद 4,44,838 हो गई है।मंत्रालय ने कहा कि उपचाराधीन रोगियों की संख्या संक्रमितों की कुल तादाद का 0.99 प्रतिशत है जबकि कोविड-19 से उबरने की दर 97.68 प्रतिशत दर्ज की गई है। बीते 24 घंटे के दौरान कोविड-19 के उपचाराधीन रोगियों की संख्या में 8,481 की कमी आई है।

Desk Team