तमिलनाडु भाजपा के विधायकों ने पीएम मोदी से की मुलाकात, राज्य के विकास को लेकर अपने विचार साझा किए

Summary :

तमिलनाडु से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नवनिर्वाचित विधायकों ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उनके आवास पर मुलाकात की।

तमिलनाडु से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नवनिर्वाचित विधायकों ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उनके आवास पर मुलाकात की। दक्षिण के इस राज्य की 234 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा के चार विधायक निर्वाचित हुए हैं। हाल ही में संपन्न विधानसभा चुनाव में भाजपा का ऑल इंडिया अन्ना द्रमुक मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) के साथ गठबंधन हुआ था। बैठक में भाजपा की तमिलनाडु इकाई के अध्यक्ष एल मुरुगन भी मौजूद थे। उधर, भाजपा ने इस मुलाकात को शिष्टाचार भेंट बताया। 

मोदी ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘भाजपा की तमिलनाडु इकाई के अध्यक्ष एल मुरुगन, वहां से पार्टी के विधायकों नायनार नगेंथ्रन, वनथी श्रीनिवासन, एम आर गांधी और सी के सरस्वती से संवाद किया।’’ उन्होंने कहा, ‘‘उन्होंने तमिलनाडु के विकास को लेकर अपनी दृष्टि साझा की। भविष्य के लिए उन्हें बहुत सारी शुभकामनाएं।’’ 
बैठक के बाद एल मुरुगन ने कहा कि हमने बैठक के दौरान पीएम मोदी के साथ तमिलनाडु के विकास  के संबंध में योजनाओं पर चर्चा की। मुरुगन ने कहा कि चूंकि भाजपा विधायक दो दशक के बाद तमिलनाडु की विधानसभा के लिए चुने गए, इसलिए हमने पीएम मोदी से मुलाकात कर उनसे आर्शीवाद लिया। इसके बाद  भाजपा के विधायकों ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से भी मुलाकात की।

Desk Team