प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को कहा कि वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने जितना जनसमर्थन तेलंगाना में हासिल किया था, उसमें निरंतर वृद्धि हो रही है। उन्होंने प्रदेश की जनता से अगले विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत सुनिश्चित कर केंद्र व राज्य में ‘‘डबल इंजन’’ की सरकार बनाने का आह्वान किया।
डबल इंजन सरकार बनेगी तो शहरों गांवो के विकास में तेजी आएगी
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक के समापन के बाद यहां के परेड मैदान में आयोजित ‘‘विजय संकल्प’’ सभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि जब तेलंगाना में भाजपा की ‘‘डबल इंजन’’ सरकार बनेगी तो यहां के शहरों और गांवों के विकास के काम में तेजी आएगी। ‘‘सबका साथ, सबका विकास’’ को भाजपा सरकार का मूलमंत्र बताते हुए उन्होंने कहा, ‘‘सबके प्रयास से ही हम तेलंगाना को विकास के नए शिखर पर ले जा सकते हैं।’’
हमें सबको सकारात्मकता व विकास के साथ जोड़ना हैं
उन्होंने कहा कि तेलंगाना के गांवों और शहरों में असीम सामर्थ्य है और यहां के खेतों व किसानों के पास देश और दुनिया को देने के लिए बहुत कुछ है। उन्होंने कहा, ‘‘प्रकृति ने भी कोई कमी नहीं रखी है। जब तेलंगाना में भाजपा की डबल इंजन सरकार बनेगी तो तेलंगाना के हर गांव और शहर के विकास के लिए और तेजी से काम होगा। हमें सबको सकारात्मकता से जोड़ना है, सबको विकास से जोड़ना है। तेलंगाना के विकास की गति और तेज करनी है।’’
मोदी -मोदी के नारों से गूंजा मैदान
तेलुगू भाषा में लोगों का अभिवादन करते हुए मोदी ने अपने भाषण की शुरुआत की और इस दौरान केंद्र सरकार द्वारा तेलंगाना के लिए किए गए विकास कार्यों का उल्लेख किया।उनके भाषण के दौरान यहां पहुंची भीड़ ने बार-बार मोदी-मोदी के नारे लगाए।रैली में आने से पहले मोदी ने एक ट्वीट कर कहा कि तेलंगाना में भाजपा के प्रति लोगों का समर्थन बढ़ रहा है और केंद्र सरकार के विकास कार्यों से समाज का हर वर्ग लाभान्वित हुआ है। मोदी ने इससे पहले, भाजपा की दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक में समापन भाषण दिया। उन्होंने वंशवाद की राजनीति करने वाले दलों पर जमकर निशाना साधा और नेताओं व कार्यकर्ताओं से ‘‘स्नेह यात्रा’’ निकालने को कहा।


Download Android App
Download iOS App



