देशभर में लगातार कोरोना (कोविड-19) से संक्रमित मरीजों की संख्या में इजाफा हो रहा है। बुधवार तक देश में संक्रमित लोगों का आंकड़ा 569 पहुंच गया है। वहीं तमिलनाडु में कोरोना से संक्रमित व्यक्ति की मौत के बाद देश में मरने वालों की संख्या 11 हो गई है, जबकि 46 लोग ठीक हुए है। कोरोना के खिलाफ जंग में आज से पूरे भारत में लॉकडाउन कर दिया गया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार रात लॉकडाउन की घोषणा करते हुए लोगों से घर से बाहर नहीं निकलने को कहा। उन्होंने कहा कि यह लॉकडाउन कर्फ्यू जैसा ही होगा। हालांकि, जरूरी सेवाओं की चीजें पहले की तरह ही चलती रहेंगी। यह लॉकडाउन 21 दिनों तक लागू रहेगा है।
कोरोना वायरस से निपटने में मदद कर रहे लोगों के अच्छे स्वास्थ्य और सुरक्षा की कामना करूंगा : PM मोदी
पूर्ण लॉकडाउन के मददेनजर गृह मंत्रालय द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि लॉक डाउन के दौरान भारत सरकार, इसके स्वायत्त निकायों के दफ्तर समेत अधीनस्थ व सार्वजनिक क्षेत्र के तहत आने वाली कंपनियों के कार्यालय बंद रहेंगे। लेकिन सेना, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल, कोषागार, पेट्रोलियम, सीएनजी, पीएनजी, एलजीपी समेत पब्लिक युटिलिटीज, आपदा, प्रबंधन, उर्जा उत्पादन व वितरण इकाइयां, डाकघर, राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र, पूर्व चेतावनी देने वाली ऐजेंसियों की सेवा जारी रहेगी।
इसी प्रकार, राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में सरकारी और स्वायशासी निकायों व सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियों के दफ्तर बंद रहेंगे लेकिन पुलिस, गृह रक्षक, नागरिक सुरक्षा, अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाएं, आपदा प्रबंधन व कारागार की सेवाएं चालू रहेंगी। इसके अलावा, जिला प्रशासन, कोषागार, बिजली, पानी, सफाई संबंधी सेवाएं जारी रहेंगी।
बता दें कि पूरे विश्व में अब तक कोरोना वायरस से 422,945 लोग संक्रमित है और 18,907 लोगों की मौत हो गई है। इटली से लेकर भारत और अमेरिका तक की सरकारों ने महामारी को फैलने से रोकने के लिए कड़े कदम उठाए हैं।


Download Android App
Download iOS App



