राहुल गांधी के Flying Kiss पर भड़का सत्तापक्ष, स्मृति ईरानी ने कही ये बड़ी बात

Summary :

लोकसभा में बुधवार को अविश्वास प्रस्ताव पर कांग्रेस की तरफ से बोलते हुए राहुल गांधी ने मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा।

लोकसभा में बुधवार को अविश्वास प्रस्ताव पर कांग्रेस की तरफ से बोलते हुए राहुल गांधी ने मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा। राहुल गांधी ने मणिपुर के हालात का जिक्र करते हुए यह आरोप लगाया कि अहंकार में डूबी मोदी सरकार ने मणिपुर को तोड़ दिया है, दो भागों में बांट दिया है। उन्होंने कहा कि मणिपुर में सरकार ने हिंदुस्तान का कत्ल कर दिया है, भारत माता की हत्या कर दी है। राहुल ने सत्ता पक्ष की तरफ इशारा करते हुए यहां तक कहा कि, आप देशभक्त, देशप्रेमी नहीं हैं बल्कि देशद्रोही हैं। 
राहुल गांधी का भाषण समाप्त होने के बाद सरकार की तरफ से केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी बोलने के लिए खड़ी हुईं। स्मृति ईरानी के बोलना शुरू करने के थोड़ी ही देर बाद राहुल गांधी जब सदन से जाने लगे तो सत्ता पक्ष की तरफ से ‘बैठ कर सुनिए’ की आवाजें आने लगी, तब राहुल गांधी ने पीछे मुड़ कर ‘फ्लाइंग किस’ किया। स्मृति ईरानी ने कई बार राहुल के सदन से जाने का जिक्र करते हुए उन पर हमला बोला। कश्मीरी पंडितों, सिख दंगों, जमीन पर कब्जे और अडानी के साथ कांग्रेस के संबंधों को लेकर गांधी परिवार पर निशाना साधा।
अपने भाषण के बीच में ही स्मृति ईरानी ने राहुल गांधी द्वारा किए गए फ्लाइंग किस की तीखी आलोचना करते हुए लोक सभा में कहा कि उनसे पहले सदन में जिस नेता (राहुल गांधी) को बोलने का मौका मिला था उन्होंने जाते-जाते फ्लाइंग किस कर अपनी हरकत को दिखा दिया। स्मृति ईरानी ने आगे कहा कि ऐसा गरिमाविहीन आचरण इस देश की सदन में कभी नहीं देखा गया। यह इस खानदान का लक्षण है जो सदन के जरिये देश को पता लग गया। केंद्रीय मंत्री ने हमला जारी रखते हुए कहा कि जाते-जाते एक नेता (राहुल गांधी) ने अभद्र हरकत कर बता दिया है कि महिलाओं को लेकर इनकी सोच क्या है ?

Desk Team