वैश्विक महामारी का देश में प्रकोप जारी है। लेकिन इसके साथ ही कोरोना की तीसरी लहर के लगातार कमजोर होने के संकेत मिल रहे हैं। बुधवार को बीते एक दिन में कोरोना के कुल 2,85,914 नए केस सामने आए हैं, तो वहीं, 665 लोगों की मौत हो गई। लेकिन इसी अवधि में करीब 3 लाख लोगों ने कोरोना को मौत दी है।
तीन लाख के करीब मरीज ठीक हुए
बीते एक दिन में कुल 2,99,073 लोग कोरोना से रिकवर हुए हैं। इसके साथ ही कोरोना को मात देने वाले लोगों की संख्या 3 करोड़ 73 लाख के पार हो गई है। इसके चलके एक्टिव केसों में लगातार दूसरे दिन कमी दर्ज की गई है। फिलहाल देश में कोरोना के कुल एक्टिव केसों की संख्या 22 लाख 23 हजार है। इसके साथ ही रिकवरी रेट भी बढ़ रहा है, जो राहत का संकेत है।
संक्रमण दर हुआ 93.23 फीसदी
देश में कोरोना संक्रमण से रिकवरी रेट फिलहाल स्थिर हो गया है और यह 93.23% है। इसके अलावा देश में अब तक मिले कोरोना वायरस के कुल केसों के मुकाबले एक्टिव केसों की संख्या 5.55 फीसदी है। यही नहीं डेली पॉजिटिविटी रेट भी कम होते हुए 16.16 फीसदी पर बना हुआ है।
वीकली पॉजिटिविटी रेट की बात करें तो यह 17.33 फीसदी बना हुआ है। यही नहीं जिस रफ्तार से लोग रिकवर हो रहे हैं और नए केसों में कमी या फिर स्थिरता देखने को मिल रही है, उससे इसमें आने वाले दिनों में और कमी देखने को मिलेगी। दिल्ली, मुंबई जैसे शहरों में कोरोना के नए केसों की रफ्तार पर ब्रेक लगा है, जो बड़ी राहत का सबब है।
देश को तीसरी लहर में ऐसे मिल रही राहत
गौरतलब है कि कोरोना की तीसरी लहर में अब तक एक दिन में नए केसों की संख्या 4 लाख से कम ही रही है। यही नहीं हॉस्पिटल में भर्ती होने वाले लोगों की संख्या भी नियंत्रित रहने के चलते हेल्थ अथॉरिटीज पर ज्यादा दबाव नहीं पड़ा है। हेल्थ एक्सपर्ट्स की भविष्यवाणी भी राहत देने वाली है। उनका कहना है कि मार्च के अंत तक कोरोना की तीसरी लहर खत्म हो सकती है। यही नहीं विश्व स्वास्थ्य संगठन ने भी कोरोना के कमजोर होने की संभावना जताई है। हालांकि भले ही कोरोना महामारी के तौर पर न रहे, लेकिन स्थानिक बीमारी के तौर पर यह लंबे समय तक रहने वाला है।
अबतक 163 करोड़ से ज्यादा खुराक दी गईं
राष्ट्रव्यापी टीकाकरण मुहिम के तहत अभी तक कोरोना वायरस रोधी टीकों की 163 करोड़ से ज्यादा खुराक दी जा चुकी हैं। कल 59 लाख 50 हजार 731 डोज़ दी गईं, जिसके बाद अबतक वैक्सीन की 163 करोड़ 58 लाख 44 हजार 536 डोज़ दी जा चुकी हैं।


Download Android App
Download iOS App



