भारत में कोरोना वायरस के मामलों को लेकर राहत बनी हुई है। बीते एक दिन में यहां 5 हजार से कम मामले दर्ज हुए हैं। लगातार नए केस में होती गिरावट के चलते देश में एक्टिव केस की संख्या 45 हजार से कम रह गई है, जो संक्रमण के कुल मामलों का 0.10 प्रतिशत है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के गुरुवार को सुबह आठ बजे तक अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, महामारी से 104 और मरीजों के जान गंवाने के बाद मृतकों की कुल संख्या 5,15,459 पर पहुंच गयी है। एक्टिव केस की संख्या संक्रमण के कुल मामलों का 0.10 प्रतिशत है, जबकि कोविड-19 से स्वस्थ होने वाले लोगों की राष्ट्रीय दर बढ़कर 98.70 प्रतिशत हो गई है।
आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटे में कोविड-19 के एक्टिव मरीजों की संख्या में 2,474 मामलों की कमी दर्ज की गयी है। संक्रमण की दैनिक दर 0.48 प्रतिशत दर्ज की गयी जबकि साप्ताहिक संक्रमण दर 0.58 प्रतिशत दर्ज की गयी। इस बीमारी से स्वस्थ होने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 4,24,20,120 हो गयी है और मृत्यु दर 1.20 प्रतिशत दर्ज की गयी।
देश में 15 से 18 साल के 75% से ज्यादा लोगों को लगी वैक्सीन की पहली डोज, स्वास्थ्य मंत्री ने युवाओं को दी बधाई
देशव्यापी कोविड-19 रोधी टीकाकरण अभियान के तहत अभी तक 179.53 करोड़ से अधिक खुराकें दी जा चुकी है। उल्लेखनीय है कि देश में सात अगस्त 2020 को संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त 2020 को 30 लाख और पांच सितंबर 2020 को 40 लाख से अधिक हो गई थी। संक्रमण के कुल मामले 16 सितंबर 2020 को 50 लाख, 28 सितंबर 2020 को 60 लाख, 11 अक्टूबर 2020 को 70 लाख, 29 अक्टूबर 2020 को 80 लाख और 20 नवंबर को 90 लाख के पार चले गए थे।
देश में 19 दिसंबर 2020 को ये मामले एक करोड़ के पार हो गए थे। पिछले साल चार मई को संक्रमितों की संख्या दो करोड़ के पार और 23 जून 2021 को तीन करोड़ के पार पहुंच गई थी। इस साल 26 जनवरी को मामले चार करोड़ के पार पहुंच गए थे। मंत्रालय के अनुसार, देश में पिछले 24 घंटों में जिन 104 मरीजों ने जान गंवाई है, उनमें से 88 की मौत केरल में हुई।
इस महामारी से अभी तक कुल 5,15,459 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें से महाराष्ट्र में 1,43,745, केरल में 66,462, कर्नाटक में 40,006, तमिलनाडु में 38,021, दिल्ली में 26,140, उत्तर प्रदेश में 23,486 और पश्चिम बंगाल में 21,182 लोगों की मौत हुई। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि अब तक जिन लोगों की कोरोना वायरस के संक्रमण से मौत हुई है, उनमें से 70 प्रतिशत से अधिक मरीजों को अन्य बीमारियां भी थीं। मंत्रालय ने अपनी वेबसाइट पर बताया कि उसके आंकड़ों का भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के आंकड़ों के साथ मिलान किया जा रहा है।


Download Android App
Download iOS App



