Today’s Covid Update : पिछले 24 घंटे में आए दो हजार से कम नए केस, मौतों का बढ़ा आंकड़ा

Summary :

राष्ट्रीय स्तर पर कोविड के नए मामलों में हो रही गिरावट के चलते देश में अब उपचाराधीन मामलों की संख्या घटकर 26 हजार 240 रह गई है।

देश में कोरोना महामारी की मामले धीरे-धीरे कम हो रहे हैं। पिछले 24 घंटों में भी  314 मामले कम सामने आए हैं। राष्ट्रीय स्तर पर कोविड के नए मामलों में हो रही गिरावट के चलते देश में अब उपचाराधीन मामलों की संख्या घटकर 26 हजार 240 रह गई है। वहीं कोरोना से रिकवर करने वालों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी जारी है। देश में पिछले 24 घंटे में दो हजार से भी कम केस दर्ज हुए हैं जिसके बाद संक्रमण के कुल मरीजों की संख्या 4,30,07,841 हो गई है।  

विश्व कोरोना : 46.95 करोड़ हुए कोविड के मामले, 10.78 अरब लोगों का हो चुका है टीकाकरण

127 लोगों की हुई मौत 
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा रविवार सुबह जारी आंकड़ों के अनुसार, देश में एक दिन में कोरोना वायरस संक्रमण के 1,761नए मामले सामने आए हैं जो पिछले  688 दिन में सबसे कम हैं। वहीं, 127 और लोगों की संक्रमण से मौत के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 5,16,479 पर पहुंच गई। देश में कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या घटकर 26,240 रह गई है, जो कुल मामलों का 0.06 प्रतिशत है। संक्रमण से स्वस्थ होने की राष्ट्रीय दर 98.74 प्रतिशत है।
181.21 करोड़ से अधिक टीके की दी जा चुकी है खुराक 
मंत्रालय द्वारा जारी आकड़ों के अनुसार, गत 24 घंटे के दौरान उपचाराधीन मरीजों की संख्या में 1,562 की कमी दर्ज की गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक दैनिक संक्रमण दर 0.41 प्रतिशत और साप्ताहिक संक्रमण दर भी 0.41 प्रतिशत है। आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटे में 4,31,973 नमूनों की कोविड-19 संबंधी जांच की गई और अब तक 78.26 करोड़ से अधिक नमूनों की जांच हुई है। संक्रमण से उबरने वालों की संख्या बढ़कर 4,24,65,122 हो गई है और मृत्यु दर 1.20 प्रतिशत है। वहीं, राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत अब तक कोविड-19 रोधी टीकों की 181.21 करोड़ से अधिक खुराक दी जा चुकी हैं।

Desk Team