राजस्थान के भरतपुर में बुधवार सुबह एक भयावह घटना में एक तेज रफ्तार ट्रक से कुचलकर 11 लोगों की मौत ह गई और 12 अन्य घायल हो गए। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है। हादसा सुबह करीब 5:30 बजे लखनपुर थाना क्षेत्र के आगरा-जयपुर नेशनल हाईवे-21 पर हंतारा के पास उस समय हुआ जब एक खराब हो चुकी बस के यात्री नीचे बस के पास खड़े थे।
मृतकों में छह महिलाएं शामिल
बस में 45 से अधिक लोग थे और कुछ लोग खराबी की जांच करने के लिए ड्राइवर और हेल्पर के साथ नीचे उतरे। मृतकों में छह महिलाएं शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि सभी मृतक गुजरात के भावनगर के रहने वाले हैं। पुलिस के मुताबिक, बस भावनगर से मथुरा होते हुए हरिद्वार जा रही थी और भरतपुर-आगरा हाईवे पर अचानक खराब हो गई। चालक और उसके साथी के साथ कुछ यात्री भी बस से उतर गए। ड्राइवर और उसके साथी फॉल्ट चेक कर रहे थे तभी ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी और किनारे खड़े लोगों को कुचल दिया।
घायलों की हालत गंभीर
वहां से गुजर रहे अन्य वाहनों के चालकों ने पुलिस और एम्बुलेंस को फोन किया। शवों को भरतपुर जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। हादसे के बाद हाईवे पर जाम लग गया। पुलिस ने बताया कि अभी तक यह पता नहीं चल पाया है कि टक्कर किस वाहन की वजह से हुई। घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।
हालाँकि, बस में सवार एक यात्री ने कहा कि यह एक ट्रक था। उन्होंने बताया कि सुबह करीब चार बजे बस में कुछ दिक्कत आ गयी थी। उन्होंने कहा, बस हंतारा पुल के पास खड़ी थी। ड्राइवर और एक अन्य डीजल लेने गए थे और करीब 10-12 यात्री बस से उतरकर बस के पीछे खड़े हो गए। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने सभी को कुचल दिया।


Download Android App
Download iOS App



