नयी दिल्ली : संयुक्त अरब अमीरात दूतावास के अधिकारियों ने आज यहां कहा कि बाढ़ ग्रस्त केरल की आर्थिक सहायता के लिये कोई रकम अभी तय नहीं की गई है और सहायता के लिये सरकार की तरफ से कोई घोषणा अब तक नहीं की गई है। बाढ़ राहत के लिये विदेशी सहायता स्वीकार न करने के केंद्र सरकार के फैसले को लेकर विवाद के बीच यूएई की तरफ से यह बयान आया है। यूएई के राजदूत अहमद अलबन्नम ने वित्तीय सहायता का जिक्र किये बिना कहा कि उनकी सरकार ने केरल में अचानक आई बाढ़ से प्रभावित लोगों को राहत सहायता देने के लिये सिर्फ एक राष्ट्रीय आपातकालीन समिति का गठन किया है।
यूएई दूतावास के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यहां कहा, ‘‘केरल में बाढ़ राहत के लिये यूएई की तरफ से किसी आधिकारिक वित्तीय सहायता का ऐलान नहीं किया गया है। हमनें किसी सहायता के बारे में भारत से कुछ भी नहीं कहा है।’’ उन्होंने कहा कि यूएई आने वाले कुछ दिनों में बाढ़ पीड़ितों की सहायता के लिये कोई योजना तैयार कर सकता है। केरल के मुख्यमंत्री पी विजयन ने इससे पहले इस हफ्ते कहा था कि यूएई ने खाड़ी देश के साथ केरल के खास रिश्ते को देखते हुए 700 करोड़ की आर्थिक सहायता देने का फैसला किया है।


Download Android App
Download iOS App



