केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के कार्यालय में दो बार फोन कर धमकी देने के मामले में नागपुर पुलिस ने कर्नाटक की बेलगावी जेल से हत्या के एक दोषी को मंगलवार को हिरासत में लिया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।नागपुर पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि दोषी की पहचान जयेश पुजारी उर्फ जयेश कांत के रूप में हुई है।आरोपी को हिंडालगा जेल से हिरासत में लिया गया और सुबह हवाई जहाज से नागपुर लाया गया।
कार्यालय में फोन करके 100 करोड़ रुपये की मांग की
पुलिस ने बताया कि पुजारी के खिलाफ शहर के धंतोली थाने में दो मामले दर्ज हैं।अधिकारी ने बताया, केंद्रीय मंत्री को धमकी भरे फोन करने का मकसद जानने के लिए उससे पूछताछ की जाएगी।उन्होंने बताया कि पुजारी को दोपहर में एक स्थानीय अदालत में पेश किया जाएगा।अधिकारी ने बताया कि खुद को जयेश पुजारी बताने वाले एक शख्स ने 14 जनवरी को नागपुर शहर में गडकरी के जनसंपर्क कार्यालय में फोन करके 100 करोड़ रुपये की मांग की थी। उसने दावा किया था कि वह दाऊद इब्राहिम गिरोह का सदस्य है।

पुलिस ने बताया कि ताजा मामला 21 मार्च का है जब उसी व्यक्ति (पुजारी) ने दस करोड़ रुपये नहीं देने पर गडकरी को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी।अधिकारी ने बताया कि धमकी भरे फोन के बाद, गडकरी के घर और कार्यालय की सुरक्षा बढ़ा दी गई।उन्होंने बताया कि पुजारी को हत्या के एक मामले में मौत की सजा सुनाई गई थी। हालांकि उसने धमकी भरे फोन मामले में अपनी संलिप्तता से इनकार किया है।


Download Android App
Download iOS App



