सड़क पर दौड़ी भारत की पहली हाइड्रोजन कार, नितिन गडकरी ने संसद तक की सवारी

Summary :

केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी सफेद और हरे रंग की हाइड्रोजन कार से संसद भवन पहुंचे। इस दौरान स्वच्छ ईंधन पर चलने वाली यह कार लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी।

भारत की सड़कों पर जल्द ही हाइड्रोजन कारें (Hydrogen) दौड़ती नजर आएंगी। केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी बुधवार को सफेद और हरे रंग की हाइड्रोजन कार से संसद भवन पहुंचे। इस दौरान स्वच्छ ईंधन पर चलने वाली यह कार लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी।
नितिन गडकरी ने कहा, “इस कार का नाम ‘मिराई’ है, यानी भविष्य। पेट्रोल-डीज़ल और गैस की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं, हम इन्हें आयात करते हैं और पेट्रोल-डीज़ल से प्रदूषण भी बहुत होता है।” केंद्रीय मंत्री ने काह कि हमें ईंधन के मामले में भी आत्मनिर्भर बनना होगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के आत्मनिर्भर भारत के सपने को पूरा करने के लिए हमें तेल में भी आत्मनिर्भर होना होगा। ये गाड़ी जल्दी ही भारत में आएगी, देश में एक बड़ी क्रांति होगी। आयात कम होगा और हमारा आत्मनिर्भर भारत का सपना निश्चित रूप से साकार होगा। 


केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भारत सरकार ने 3000 करोड़ रुपये का मिशन शुरू किया है और (जल्द ही) हम हाइड्रोजन का निर्यात करने वाला देश बन जाएंगे। (देश में) जहां भी कोयले का इस्तेमाल होगा वहां ग्रीन हाइड्रोजन का इस्तेमाल किया जाएगा। 

हाइड्रोजन कार से नहीं होगा कोई प्रदूषण 
नितिन गडकरी ने कहा कि यह कार पूरी तरह से पर्यावरण के अनुकूल है और इससे किसी तरह का प्रदूषण नहीं फैलता है। उन्होंने कहा कि यह कार भारत का फ्यूचर है। पेट्रोल और डीजल इंजन वाली कारों से काफी प्रदूषण फैलता है, लेकिन हाइड्रो फ्यूल सेल कार से बिलकुल भी प्रदूषण नहीं होता।
इस कार को टोयोटा कंपनी की पायलट प्रोजेक्ट के तहत बनाया गया है और इसमें एडवांस फ्यूल सेल लगाया गया है। यह एडवांस सेल ऑक्सीजन और हाइड्रोजन के मिश्रण से बिजली पैदा करता है। इसी बिजली से कार चलती है। उत्सर्जन के रूप में इस कार से सिर्फ पानी निकलता है।

Desk Team