देश में कोरोना वायरस (कोविड-19) का कहर एक बार फिर तेज है। महामारी को मात देने और तीसरी लहार से निपटने के लिए टीकाकरण अभियान भी जारी है। इस बीच केंद्र की ओर से राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को अबतक कोविड-19 टीके की 66.07 करोड़ से अधिक खुराक मुफ्त में सरकारी खरीद श्रेणी के तहत मुहैया कराई गई है। यह जानकारी केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने शनिवार को दी।
मंत्रालय ने बताया कि इस समय भी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के पास टीके की 4.49 करोड़ (4,49,68,620) खुराकें उपलब्ध है जिनका इस्तेमाल किया जाना है। मंत्रालय ने यहां जारी बयान में कहा कि केंद्र सरकार देश में कोविड-19 से प्रतिरक्षण के लिए टीकाकरण का दायरा और गति बढ़ाने को कृत संकल्प है।
बयान में कहा गया, ‘‘अबतक राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को कोविड-19 टीके की 66.07 करोड़ से अधिक (66,07,19,455) खुराकें सरकारी खरीद श्रेणी (मुफ्त में) के तहत मुहैया कराई गई हैं। इसके अलावा 85 लाख से ज्यादा (85,63,780) खुराकें उपलब्ध कराने की प्रक्रिया जारी है।’’ बयान में कहा गया कि टीके की खुराक की उपलब्धता बढ़ने से टीकाकरण की गति बढ़ेगी और टीके की उपलब्धता संबंधी जानकारी पहले ही मुहैया कराने से राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को टीकाकरण की बेहतर योजना बनाने में मदद मिल रही है और सुचारु आपूर्ति सुनिश्चित हो रही है।
गौरतलब है कि राष्ट्रीय टीकाकरण अभियान के तहत केंद्र सरकार राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को मुफ्त में टीके की खुराक उपलब्ध करा रही है। सार्वभौमिक टीकाकरण अभियान के तहत केंद्र सरकार देश में मौजूद टीका उत्पादकों के उत्पादन का 75 प्रतिशत हिस्सा खरीद कर राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को दे रही है।


Download Android App
Download iOS App



