विंबलडन 2025 का रोमांच अपने चरम पर है। डिफेंडिंग चैंपियन स्पेन के कार्लोस अल्कारेज ने एक बार फिर कमाल का प्रदर्शन करते हुए तीसरी बार खिताब की ओर कदम बढ़ा दिए हैं। 8 जुलाई को खेले गए क्वार्टर फाइनल मुकाबले में उन्होंने ब्रिटेन के कैमरून नोरी को सीधे सेटों में हरा दिया और सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। अल्कारेज ने यह मुकाबला 6-2, 6-3, 6-3 से जीता। शुरुआत से ही उन्होंने आक्रामक खेल दिखाया और नोरी को वापसी का कोई मौका नहीं दिया। अब सेमीफाइनल में अल्कारेज का मुकाबला अमेरिका के टेलर फ्रिट्ज से होगा, जिन्होंने पहली बार विंबलडन के सेमीफाइनल में जगह बनाई है।
टेलर फ्रिट्ज ने करेन खाचनोव के खिलाफ कड़ा मुकाबला खेलते हुए 6-3, 6-4, 1-6, 7-6(4) से जीत दर्ज की। यह जीत उनके करियर की सबसे बड़ी जीतों में से एक मानी जा रही है। महिलाओं के सिंगल्स इवेंट में भी मुकाबले दिलचस्प हो गए हैं। आर्यना सबालेंका ने लौरा सीजमंड को 4-6, 6-2, 6-4 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया है। अब उनका सामना 10 जुलाई को अमेरिका की अमांडा अनिसिमोवा से होगा। दूसरी ओर, दुनिया के नंबर-6 खिलाड़ी नोवाक जोकोविच का अब तक का प्रदर्शन भी शानदार रहा है। 38 साल के जोकोविच ने 16वीं बार विंबलडन के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई है। उनका अगला मुकाबला आज यानी 9 जुलाई को शाम 7:30 बजे इटली के फ्लावियो कोबोली से होगा।
जोकोविच पहले ही दो बार अल्कारेज से विंबलडन फाइनल में हार चुके हैं। 2023 और 2024 में। ऐसे में फैंस को उम्मीद है कि इस बार वो खिताब के लिए जोरदार वापसी करेंगे। विंबलडन 2025 का सेमीफाइनल और फाइनल अब बेहद दिलचस्प हो चुका है। सभी की नजरें अब जोकोविच के मैच पर टिकी होंगी कि क्या वो एक और खिताबी दौड़ में शामिल हो पाएंगे या नहीं।


Download Android App
Download iOS App





