Women’s under-20 football team : भारतीय महिला अंडर-20 फुटबॉल टीम ने इतिहास रचते हुए लगभग दो दशक बाद एएफसी अंडर-20 महिला एशियाई कप फुटबॉल टूर्नामेंट के लिए क्वालीफाई कर लिया है। 10 अगस्त को यांगून के थुवुन्ना स्टेडियम में खेले गए क्वालीफायर ग्रुप-डी के आखिरी मुकाबले में भारत ने मेज़बान म्यांमार को 1-0 से हराकर यह उपलब्धि अपने नाम की। इस अहम जीत में स्ट्राइकर पूजा हीरो बनकर उभरीं, जिन्होंने मैच के 7वें मिनट में गोल दागकर टीम को बढ़त दिलाई। पहले हाफ में भारतीय टीम ने शानदार तालमेल और दमदार डिफेंस के साथ मैच पर पकड़ बनाई रखी। दूसरे हाफ में म्यांमार ने वापसी की कोशिश की, लेकिन भारतीय डिफेंस के आगे उनके सभी प्रयास नाकाम रहे।
क्वालीफायर राउंड में भारतीय टीम का प्रदर्शन
क्वालीफायर राउंड में भारतीय टीम का प्रदर्शन काबिले-तारीफ रहा। ग्रुप-डी में भारत ने कुल 7 अंक हासिल कर पहला स्थान पाया। टीम ने पहले इंडोनेशिया के खिलाफ गोलरहित ड्रॉ खेला, फिर तुर्कमेनिस्तान को एकतरफा मुकाबले में 7-0 से शिकस्त दी और आखिर में म्यांमार को हराकर अपने अभियान का शानदार अंत किया। इससे पहले भारत ने एएफसी अंडर-20 महिला एशियाई कप में साल 2006 में क्वालीफाई किया था। अब 20 साल बाद एक बार फिर भारतीय युवा फुटबॉलर्स इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में खेलेंगी। एएफसी अंडर-20 महिला एशियाई कप 2026 की मेज़बानी थाईलैंड करेगा।
फुटबॉल के लिए यह साल बेहद खास बन गया
गौरतलब है कि भारतीय सीनियर महिला फुटबॉल टीम भी जुलाई में एएफसी महिला एशियाई कप 2026 के लिए क्वालीफाई कर चुकी है। ऐसे में महिला फुटबॉल के लिए यह साल बेहद खास बन गया है, जहां सीनियर और जूनियर दोनों टीमों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी मौजूदगी दर्ज कराई है। भारतीय महिला अंडर-20 टीम की यह सफलता देश में महिला फुटबॉल के बढ़ते स्तर और खिलाड़ियों की मेहनत का नतीजा है। अब पूरी उम्मीद है कि थाईलैंड में होने वाले इस बड़े टूर्नामेंट में ये युवा खिलाड़ी अपने प्रदर्शन से भारत का नाम रोशन करेंगी।


Download Android App
Download iOS App





