टीकाकरण को लेकर झिझक दूर करने के लिए राज्यों के साथ मिलकर काम किया जा रहा है : केंद्र सरकार

Summary :

ग्रामीण क्षेत्रों में कार्यरत स्वास्थ्य कर्मियों में टीकाकरण को लेकर झिझक संबंधी मीडिया में आई खबरों के बीच केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने शुक्रवार को कहा कि वह इस मुद्दे से निपटने के लिए राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के साथ मिलकर काम कर रहा है।

मंत्रालय ने कहा कि भारत सरकार 16 जनवरी से ही टीकाकरण के राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के प्रयास का समर्थन ‘संपूर्ण सरकार’ की पहल के तहत कर रही है। मंत्रालय ने बयान में कहा कि मीडिया में खबरें हैं कि ग्रामीण इलाकों के स्वास्थ्य कर्मियों में टीकाकरण को लेकर कथित ‘झिझक’ है। बयान के मुताबिक, ‘‘टीकाकरण को लेकर झिझक वैश्विक स्तर पर व्याप्त परिपाटी है और इसका निदान वैज्ञानिक अध्ययनों और सामुदायिक स्तर पर होना चाहिए।’’ 
मंत्रालय ने कहा कि इसे ध्यान में रखते हुए ‘कोविड-19 टीकाकरण संवाद रणनीति’ में टीका लगवाने को लेकर झिझक के पक्ष को भी कोविड-19 टीकाकरण अभियान की शुरुआत में ही सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से साझा किया गया। बयान के मुताबिक यह रणनीति सभी राज्यों के राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन निदेशकों के साथ 25 जनवरी को साझा किया गया।मंत्रालय ने बताया कि वह इस संबंध में केंद्रीय जनजातीय मामलों के मंत्रालय के साथ भी मिलकर काम कर रहा है। 

Ujjwal Jain